पटना में कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज ने ‘जनरल डायर’ की याद दिलाई: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 14 Jul 2023 08:21 PM
पटना में कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज ने ‘जनरल डायर’ की याद दिलाई: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तुलना 1919 के जलियांवाला बाग नरसंहार में शामिल ब्रिगेडियर जनरल रेजिनाल्ड डायर से की और पटना में कथित तौर पर पुलिस लाठीचार्ज में पार्टी के एक नेता की मौत के बाद उनके इस्तीफे की मांग की.

पार्टी ने बिहार में जहानाबाद जिले के उसके महासचिव विजय सिंह की बृहस्पतिवार को ‘विधानसभा मार्च’ के दौरान कथित पुलिस लाठीचार्ज में हुई मौत को राज्य सरकार की ‘पूर्व नियोजित साजिश’ का नतीजा करार देते हुए कहा कि पुलिस से लाठीचार्ज इसलिए कराया गया ताकि बिहार के लोगों को उनके अधिकारों और न्याय की मांग करने से रोका जा सके.

भाजपा मुख्यालय में यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने इस हत्याकांड के दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किए जाने और उन्हें सजा देने के अलावा छात्रों, शिक्षकों, किसानों और महिलाओं के खिलाफ लिए गए सभी नीतिगत फैसले वापस लेने की मांग की.

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री राय ने दावा कहा, ”भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस का लाठीचार्ज बिहार के लोगों को उनके अधिकारों और न्याय की मांग करने से रोकने के लिए एक पूर्व नियोजित, राज्य प्रायोजित साजिश थी.” उन्होंने आरोप लगाया कि कल बिहार में भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर ऐसा लाठीचार्ज किया गया जैसा कि स्वतंत्रता संग्राम की लड़ाई में अंग्रेजों ने और आपातकाल के दौरान इंदिरा गांधी ने किया था.

राय ने कहा, ”भाजपा के शांतिपूर्ण विधानसभा मार्च निकालने पर अंग्रेज हुकूमत के दौरान जनरल डायर की तरह जनता दल (यूनाइटेड)-राष्ट्रीय जनता दल (राजद)-कांग्रेस सरकार द्वारा कुचलने का काम किया गया. भाजपा के विधानसभा मार्च के दौरान जनरल डायर की तरह वहां पुलिस से बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज कराया गया.” उन्होंने कहा, ”बिहार में जंगल राज तीन का आगमन हुआ है. बिहार में कल जो बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज किया गया, वह आजाद भारत में निरंकुशता, तानाशाह और बर्बरता का एक बड़ा उदाहरण है.”

राय ने कहा, ”साजिशन हत्या करने के उद्देश्य से लाठीचार्ज कराने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव अविलंब इस्तीफा दें.” उन्होंने कहा कि भाजपा बिहार सरकार से मांग करती है कि वह किसानों, छात्रों और शिक्षकों के हितों के खिलाफ लिए गए सभी फैसलों को वापस ले. उन्होंने कहा कि भाजपा विजय सिंह की हत्या करने वालों की तत्काल गिरफ्तारी की भी मांग करती है.

भाजपा ने बिहार में पार्टी नेताओं के एक प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा कथित तौर पर किए गए अत्यधिक बल के इस्तेमाल की जांच के लिए सांसदों की चार सदस्यीय समिति गठित की. पार्टी ने एक बयान में कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास ‘उच्च स्तरीय जांच समिति’ के संयोजक होंगे जबकि विष्णु दयाल राम, मनोज तिवारी और सुनीता दुग्गल इसके अन्य सदस्य होंगे. भाजपा ने कहा कि समिति जल्द ही पटना का दौरा करेगी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu