महाराष्ट्र: शरद पवार के खिलाफ ‘आपत्तिजनक’ ट्वीट करने पर नासिक से एक छात्र गिरफ्तार

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Sat, 14 May 2022 06:01 PM
महाराष्ट्र: शरद पवार के खिलाफ ‘आपत्तिजनक’ ट्वीट करने पर नासिक से एक छात्र गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

मुंबई. महाराष्ट्र के नासिक जिले में शनिवार को फार्मेसी के 23 वर्षीय एक छात्र को ट्विटर पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया. एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि नासिक के सताना निवासी निखिल भामरे को ंिडडोरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. निखिल ने अपने ट्वीट में कहा था कि ”बारामती के गांधी के लिए बारामती का नाथूराम गोडसे” बनाने का समय आ गया है. हालांकि, उन्होंने ट्वीट में किसी नेता या राजनीतिक दल के नाम का जिक्र नहीं किया था.

राज्य के पुणे जिले का एक शहर बारामती, शरद पवार का गृह क्षेत्र है. महात्मा गांधी का हत्यारा गोडसे भी इस शहर से था. अधिकारी ने कहा ”ट्वीट की जांच के बाद महाराष्ट्र साइबर सेल ने आगे की कार्रवाई के लिए नासिक ग्रामीण पुलिस को सूचित किया था.” अधिकारी ने कहा कि भामरे पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 153 (ए) (विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य को बढ़ावा देना), 500 (मानहानि), 504 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान), 506 (आपराधिक भयादोहन) के तहत आरोप लगाये गए हैं. इससे पहले राकांपा नेता आनंद परांजपे ने भामरे के खिलाफ ठाणे शहर के नौपाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news