महाराष्ट्र सरकार ने औरंगाबाद का नाम संभाजीनगर तथा उस्मानाबाद का नाम धाराशिव करने को मंजूरी दी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 29 Jun 2022 07:46 PM
महाराष्ट्र सरकार ने औरंगाबाद का नाम संभाजीनगर तथा उस्मानाबाद का नाम धाराशिव करने को मंजूरी दी

ऑडियो सुनें

मुंबई. महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक संकट के बीच राज्य मंत्रिमंडल ने बुधवार को औरंगाबाद शहर का नाम बदलकर संभाजीनगर करने और उस्मानाबाद शहर का नाम धाराशिव करने को मंजूरी दी. राज्य के ऐतिहासिक महत्व वाले शहर औरंगाबाद का नाम परिर्वितत करने का कदम सरकार ने ऐसे वक्त उठाया है जब महा विकास आघाड़ी (एमबीए) संगठन की अगुवाई कर रही शिवसेना बड़ी संख्या में अपने विधायकों की बगावत का सामना कर रही है.

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में आगामी नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का नाम किसान नेता दिवंगत डीबी पाटिल के नाम पर रखने को भी मंजूरी दी गई. दिलचस्प बात यह है कि राज्य योजना एजेंसी सिडको ने पहले नवी मुंबई हवाई अड्डे का नाम शिवसेना के संस्थापक दिवंगत बालासाहेब ठाकरे के नाम पर रखने का प्रस्ताव दिया था.

गौरतलब है कि जब शिवसेना ने भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन समाप्त किया था और कांग्रेस तथा राकांपा के साथ हाथ मिलाया था तभी से भाजपा उसे औरंगाबाद का नाम बदलने की अपनी पूर्व की मांगों की याद दिलाती रही है. औरंगाबाद नाम मुगल बादशाह औरंगजेब के नाम पर रखा गया था.

By Yogesh Kumar Sahu