ममता बनर्जी ने बंगाल में आधार कार्ड ‘अचानक निष्क्रिय’ किए जाने को लेकर मोदी को पत्र लिखा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 19 Feb 2024 07:20 PM
ममता बनर्जी ने बंगाल में आधार कार्ड ‘अचानक निष्क्रिय’ किए जाने को लेकर मोदी को पत्र लिखा
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य में आधार कार्ड के ”अचानक निष्क्रिय” होने को लेकर सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखा और इसके पीछे के कारणों को जानना चाहा. बनर्जी ने कहा कि इस कदम से बंगाल में लोगों के बीच ”हाहाकार” मच गया है.

उन्होंने कहा कि इस तरह आधार कार्ड ”निष्क्रिय” करने की कवायद नियमों के खिलाफ है और प्राकृतिक न्याय का घोर उल्लंघन है.
बनर्जी ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा, ”मैं पश्चिम बंगाल में लोगों, विशेषकर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और ओबीसी समुदायों के आधार कार्ड को अंधाधुंध तरीके से निष्क्रिय करने की गंभीर प्रकृति की अचानक हुई घटना को आपके ध्यान में लाना चाहती हूं.”

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा, ”मैं बिना कारण बताए आधार कार्ड को अचानक निष्क्रिय किये जाने का कारण जानना चाहती हूं. क्या यह लाभार्थियों को लाभ से वंचित करना है या लोकसभा चुनाव से पहले लोगों के बीच घबराहट की स्थिति पैदा करना है?” मुख्यमंत्री ने दावा किया कि नयी दिल्ली में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण का मुख्यालय बिना किसी क्षेत्रीय जांच या राज्य को विश्वास में लिये संबंधित व्यक्तियों और परिवार के सदस्यों को सीधे ”निष्क्रियता पत्र” जारी कर रहा है. उन्होंने पत्र में कहा, ”वर्तमान घटनाक्रम ने राज्य के निवासियों के बीच घबराहट और हंगामे की स्थिति पैदा कर दी है, क्योंकि बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतों के निवारण के लिए जिला प्रशासन से संपर्क कर रहे हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu