ममता के छह दिसंबर को दिल्ली में विपक्षी गठबंधन की बैठक में शामिल होने की संभावना नहीं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 04 Dec 2023 07:49 PM
ममता के छह दिसंबर को दिल्ली में विपक्षी गठबंधन की बैठक में शामिल होने की संभावना नहीं
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य के उत्तरी क्षेत्र में अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों का हवाला देते हुए सोमवार को कहा कि वह छह दिसंबर को दिल्ली में विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ की बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगी. बनर्जी ने कहा कि वह बैठक की तारीख से वाकिफ नहीं थीं और संकेत दिया कि अगर उन्हें पहले से सूचित किया गया होता तो ”उन्होंने अपना यात्रा कार्यक्रम पुर्निनर्धारित किया होता.” रविवार को सूत्रों ने कहा था कि ‘इंडिया’ गठबंधन के नेता 2024 के लोकसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने के लिए छह दिसंबर को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर बैठक करने वाले हैं.

बनर्जी ने राजभवन के बाहर संवाददाताओं से कहा, ”मैं छह दिसंबर से 11 दिसंबर तक उत्तर बंगाल का दौरा करूंगी. मुझे छह दिसंबर को बैठक की तारीख के बारे में जानकारी नहीं थी. अगर मुझे बैठक की तारीख के बारे में पहले से पता होता तो मैं अपनी यात्रा को पुर्निनर्धारित कर सकती थी.” बैठक में पार्टी के किसी अन्य नेता की भागीदारी के बारे में जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है.

बनर्जी, अपने भतीजे और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के साथ ‘इंडिया’ की पिछली बैठकों में लगातार भाग लेती रही हैं. बुधवार शाम को संभावित बैठक के दौरान, नेताओं द्वारा चुनाव से पहले सामूहिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मुकाबला करने की अपनी योजना पर विचार-विमर्श करने और उसे अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu