
बालासोर. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को कहा कि मार्टिन लूथर किंग जूनियर, नेल्सन मंडेला और अल्बर्ट आइंस्टीन जैसी प्रसिद्ध हस्तियों ने महात्मा गांधी से प्रेरणा ली. राहुल ने ओडिशा के बालासोर में एक राजनीतिक सभा के दौरान यह टिप्पणी की. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस कथन पर कि दुनिया को महात्मा गांधी के बारे में केवल फिल्म ‘गांधी’ के जरिये पता चला, राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ से जुड़े लोगों की आलोचना की और कहा कि गांधी की विरासत के बारे में उनकी समझ में कमी है.
उन्होंने कहा, “जिनका प्रशिक्षण आरएसएस की शाखाओं में होता है, वे गोडसे के अनुयायी हैं, उन्हें गांधीजी के बारे में कुछ भी पता नहीं है. उन्हें हिंदुस्तान के इतिहास, सत्य और हिंसा के बारे में कुछ नहीं पता. इसकी उम्मीद थी कि प्रधानमंत्री कहेंगे कि दुनिया गांधीजी के बारे में कुछ नहीं जानती.” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मार्टिन लूथर किंग जूनियर, नेल्सन मंडेला और आइंस्टीन जैसे लोगों के साथ-साथ विभिन्न स्वतंत्रता आंदोलनों को गांधीजी के सिद्धांतों से प्रेरणा मिली.
उन्होंने कहा, “मार्टिन लूथर किंग जूनियर, मंडेलाजी, आइंस्टीन और कई अन्य लोगों ने महात्मा गांधी से प्रेरणा ली. विभिन्न आंदोलनों, स्वतंत्रता आंदोलनों ने भी गांधीजी से प्रेरणा ली. भारत के बच्चों को भी गांधीजी से प्रेरणा मिलती है.” राहुल गांधी ने यह कहते हुए अपनी बात समाप्त की कि इस मामले पर आगे कोई टिप्पणी अनावश्यक है. राहुल गांधी ने कहा, “इस विषय पर और अधिक टिप्पणी करने की कोई आवश्यकता नहीं है. उनकी दुनिया उनकी ‘शाखा’ में है.”



