मिजोरम विधानसभा चुनाव: 40 सीटों के लिए मतदान शुरू…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 07 Nov 2023 11:41 AM
मिजोरम विधानसभा चुनाव: 40 सीटों के लिए मतदान शुरू…
ऑडियो सुनें

आइजोल: मिजोरम में 40 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मंगलवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। अधिकारियों ने बताया कि मतदान शाम चार बजे तक जारी रहेगा। राज्य के 8.57 लाख से अधिक मतदाता 174 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला करेंगे। इनमें 4.39 लाख महिला मतदाता भी शामिल हैं।

सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ), मुख्य विपक्षी दल जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) और कांग्रेस ने सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 23 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जबकि आम आदमी पार्टी (आप) ने चार विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी खड़े किए हैं। इसके अलावा 27 निर्दलीय उम्मीदवार हैं।

मिजोरम में 1,276 मतदान केंद्रों में से 149 सुदूर मतदान केंद्र हैं, जबकि अंतरराज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय सीमा के आसपास के करीब 30 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं और स्वतंत्र, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए राज्य भर में 7,200 र्किमयों को तैनात किया गया है।

उन्होंने बताया कि मिजोरम विधानसभा के लिए मतदान से पहले म्यांमा से लगी 510 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा और बांग्लादेश से लगी 318 किलोमीटर लंबी सीमा को सील कर दिया गया है। मतगणना तीन दिसंबर को होगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav