मोदी सरकार को समझ नहीं आ रहा कि शुल्क मामले से कैसे निपटे: खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 07 Aug 2025 09:47 PM
मोदी सरकार को समझ नहीं आ रहा कि शुल्क मामले से कैसे निपटे: खरगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर कुल 50 प्रतिशत का शुल्क लगाए जाने की घोषणा के बाद बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि मोदी सरकार की विदेश नीति पूरी तरह लड़खड़ा गई है और उसे समझ नहीं आ रहा कि इस स्थिति से कैसे निपटें. खरगे ने दावा किया कि ट्रंप बार बार धमका रहे हैं लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चुप हैं.

खरगे ने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा, ” भारत का राष्ट्रीय हित सर्वोपरि है. कोई भी देश जो गुटनिरपेक्षता की विचारधारा में अंर्तिनहित हमारी समय की कसौटी पर कसी गई सामरिक स्वायत्तता की नीति के लिए भारत को मनमाने ढंग से दंडित करता है, वह भारत के मज.बूत ढांचे को नहीं समझता.” उन्होंने इस बात का उल्लेख किया, ” सातवें बेड़े की धमकियों से लेकर परमाणु परीक्षणों के प्रतिबंधों तक, हमने अमेरिका के साथ अपने संबंधों को आत्मसम्मान और गरिमा के साथ निभाया है.” खरगे के अनुसार ट्रंप ने 50 प्रतिशत शुल्क लगाने की बात ऐसे समय कही है जब भारत की कूटनीति बहुत बुरी तरह लड़खड़ा रही है.

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ”नरेन्द्र मोदी जी, जब ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने युद्धविराम में मध्यस्थता की है, तब आप चुप रहे. उन्होंने कम से कम 30 बार ऐसा दावा किया है और यह संख्या बढ.ती जा रही है.” उन्होंने दावा किया कि 30 नवंबर 2024 को ट्रंप ने ब्रिक्स देशों पर 100 प्रतिशत शुल्क लगाने की धमकी दी थी और उस समय प्रधानमंत्री मोदी वहां बैठे मुस्करा रहे थे, जबकि ट्रंप ने ‘ब्रिक्स को मृत’ कहा था.

उन्होंने कहा, ”ट्रंप महीनों से ‘जवाबी शुल्क’ की योजना बना रहे थे. हम सभी इसके बारे में जानते थे. आपने केंद्रीय बजट में कृषि, एमएसएमई और विभिन्न उद्योगों जैसे हमारे प्रमुख क्षेत्रों पर पड़ने वाले प्रभाव को कम करने के लिए कुछ नहीं किया.” खरगे ने कहा, “आपके (मोदी) मंत्री महीनों से अमेरिका के साथ व्यापार समझौते पर बातचीत करने की बात कह रहे हैं. उनमें से कुछ तो कई दिनों तक वाशिंगटन में डेरा भी डाले रहे.” उन्होंने कहा,” आप अमेरिका के साथ व्यापार समझौते पर बातचीत करने में विफल रहे. आपके पास छह महीने से ज़्यादा का समय था. अब ट्रंप हमें डरा-धमका रहे हैं और मजबूर कर रहे हैं , लेकिन आप चुप हैं.” उन्होंने इस बात का उल्लेख किया कि भारत का अमेरिका को निर्यात लगभग 7.51 लाख करोड़ रुपये (2024) है और 50 प्रतिशत का एकमुश्त शुल्क 3.75 लाख करोड़ रुपये का आर्थिक बोझ डालेगा.

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “हमारे कई क्षेत्र जैसे – एमएसएमई, कृषि, डेयरी इंजीनियरिंग सामान, इलेक्ट्रॉनिक सामान, रत्न एवं आभूषण, दवा उत्पादन और जैविक उत्पाद, पेट्रोलियम उत्पाद और सूती कपड़े, सबसे ज़्यादा प्रभावित होंगे.” उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार को समझ नहीं आ रहा कि इससे कैसे निपटा जाए. खरगे ने यह भी कहा, “आप (प्रधानमंत्री) इस विदेश नीति की तबाही के लिए 70 साल की कांग्रेस को भी दोष नहीं दे सकते.”

ट्रंप प्रधानमंत्री मोदी का लगातार मजाक उड़ा रहे हैं, सरकार कड़ा जवाब देने में असमर्थ : उद्धव ठाकरे

शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने बृहस्पतिवार को भाजपा-नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ”मजाक उड़ा रहे हैं”. उन्होंने यह भी कहा कि मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति को जवाब देने में ”असमर्थ” हैं.

ठाकरे ने एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रचार मंत्री की तरह व्यवहार कर रहे हैं, जबकि देश को मौजूदा चुनौतियों से निपटने के लिए एक प्रधानमंत्री और एक गृह मंत्री की जरूरत है.
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ”ट्रंप भारत और नरेन्द्र मोदी का मजाक उड़ा रहे हैं. हम उन्हें जवाब देने में असमर्थ हैं, उनसे (ट्रंप से) जवाब मांगना तो दूर की बात है. यह सरकार विदेश नीति के मोर्चे पर विफल रही है.” उन्होंने कहा, ”देश को एक मजबूत प्रधानमंत्री, एक मजबूत गृह मंत्री, एक मजबूत रक्षा मंत्री और एक मजबूत विदेश मंत्री की जरूरत है.” ठाकरे की यह टिप्पणी ट्रंप द्वारा भारत से आयातित उत्पादों पर बुधवार को अतिरिक्त 25 प्रतिशत शुल्क लगाने के बाद आई है, जिससे कुल शुल्क 50 प्रतिशत हो गया है. यह कदम भारत द्वारा रूसी तेल की खरीद जारी रखने के लिए दंड स्वरूप उठाया गया है.

नवभारत डिजिटल टॉप स्टोरी

  1. 1 VIDEO भाजपा नेता को कारण बताओ नोटिस, अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद का एक्शन
  2. 2 Berlin Dialogue यूरोपीय देशों को आईना दिखाया केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने, बोले- दुनिया की 17 प्रतिशत आबादी हमारी, मगर कार्बन उत्सर्जन में आप हमसे 15 प्रतिशत ज्यादा हैं’ WATCH VIDEO
  3. 3 Today’s news : 4 देशों में भूकंप, 4 राज्यों में विधान परिषद के चुनाव, 4 राज्यों में मूसलाधार बारिश, खेल में भारत को दो नए गोल्ड, जानिए प्रमुख खबरें
  4. 4 23 अक्टूबर 2026 का दैनिक राशिफल: शुक्रवार का दिन माता लक्ष्मी और शुक्र ग्रह की उपासना के लिए खास माना जाता है। जानिए करियर, धन, सेहत और रिश्तों के लिहाज से आपकी राशि के लिए आज का दिन कैसा रहेगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu