मोदी सरकार ने कृषि लागत दोगुनी और किसानों की आय आधी कर दी है: भूपेश बघेल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 09 Jun 2023 08:15 PM
मोदी सरकार ने कृषि लागत दोगुनी और किसानों की आय आधी कर दी है: भूपेश बघेल
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार को कहा कि मोदी सरकार ने कृषि लागत दोगुनी कर दी है और किसानों की आय आधी कर दी है. हेलीपैड पर संवाददाताओं से बातचीत के दौरान केंद्र सरकार द्वारा बृहस्पतिवार को एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) में बढ़ोतरी किए जाने पर पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बघेल ने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) के शासन (वर्ष 2004 से 2014) के दौरान धान पर एमएसपी में 131 प्रतिशत की वृद्धि की गई थी, जबकि वर्तमान सरकार ने इसे लगभग 61 से 62 प्रतिशत तक ही बढ़ाया है.

उन्होंने कहा, ”भारत में किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई है, लेकिन कृषि की लागत दोगुनी हो गई है. डीजल, खाद और कृषि उपकरणों के दाम बढ़ गए हैं. उत्पादन लागत बढ़ गई है और आय (किसानों की) घटकर आधी रह गई है.” पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के पाटन (मुख्यमंत्री बघेल का विधानसभा क्षेत्र) और दुर्ग में ही केवल विकास कार्य कराने के आरोपों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके (भाजपा) कार्यकाल में राशन कार्ड, चप्पल वितरण में भ्रष्टाचार हुआ.

बघेल ने कहा कि वह पैसा सीधे लाभार्थियों के खातों में भेज रहे हैं. बघेल ने कहा, ”आप रमन सिंह के क्षेत्र में चले जाइये. रमन सिंह ने काम किया होता तो उनके क्षेत्र में सड़क बनाने की घोषणा मुझे नहीं करनी पड़ती. उनके समय एक ही पुल बार-बार बनता और ढह जाता था.” केंद्रीय पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने बृहस्पतिवार को अपने बस्तर दौरे के दौरान टिप्पणी की थी कि काका (बघेल को राज्य में काका कहते हैं) खा-खा हैं. सिंह की टिप्पणी का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोगों ने मुझे काका नाम दिया है. इसका उपहास करना वास्तव में जनभावनाओं का उपहास करना है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu