मोदी ने ओलंपिक कांस्य पदक विजेता सरबजोत से फोन पर बात कर बधाई दी

निशानेबाज सरबजोत की बदली किस्मत, निराशा के अहसास के तीन दिन बाद मिला ओलंपिक पदक

नयी दिल्ली/शेटराउ. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पेरिस ओलंपिक खेलों में निशानेबाजी की 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में साथ कांस्य पदक जीतने पर भारतीय निशानेबाज मनु भाकर और सरबजोत सिंह को बधाई दी.  मोदी ने ट्विटर पर लिखा, ”हमारे निशानेबाजों ने हमें गौरवान्वित करना जारी रखा है. ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर मनु भाकर और सरबजोत सिंह को बधाई. दोनों ने शानदार कौशल और टीम वर्क दिखाया है. भारत बेहद खुश है.”

उन्होंने कहा, ”मनु का यह लगातार दूसरा ओलंपिक पदक है, जो उनकी निरंतर उत्कृष्टता और समर्पण की बानगी पेश करता है.” प्रधानमंत्री ने इसके बाद सरबजोत से फोन पर बात कर उन्हें बधाई दी और मनु के साथ उनकी ‘टीम वर्क’ की तारीफ की.
मोदी ने कहा, ”बहुत- बहुत बधाई, आपने देश का नाम भी बड़ा किया और मान भी बड़ा किया. आपकी मेहनत रंग लाई है . मनु को भी मेरी तरफ से बहुत बहुत बधाई . आप व्यक्तिगत स्पर्धा में मामूली अंतर से चूक गये लेकिन मिश्रित युगल में आपने कर दिखाया.”

मोदी ने सरबजोत से मनु और उनके टीमवर्क के बारे में पूछा तो इस निशानेबाज ने कहा, ”हम 2019 से लगभग साथ में खेल रहे है. हमने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में लगभग हर बार स्वर्ण जीता है. जूनियर विश्व कप और अन्य विश्व कप में भी हमने साथ में ज्यादातर स्वर्ण जीते हैं. हमारा अनुभव काफी अच्छा था. अगली बार और अच्छा करुंगा और आपको स्वर्ण पदक जीत कर दिखाउंगा. ” इस पर मोदी ने कहा, ” मुझे पूरा विश्वास है कि आप अगली बार और अच्छा करेंगे. आप मेहनत भी कर रहे है और लगन भी दिखा रहे हैं.”

निशानेबाज सरबजोत की बदली किस्मत, निराशा के अहसास के तीन दिन बाद मिला ओलंपिक पदक

पिस्टल निशानेबाज सरबजोत सिंह ने अपने पहले ही ओलंपिक खेलों में गम और खुशी दोनों का अनुभव कर लिया. व्यक्तिगत 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में मामूली अंतर से चूकने के बाद सरबजोत ने मंगलवार को अपने खेल में सुधार करते हुए अपने से अधिक अनुभवी साथी मनु भाकर से साथ मिलकर पेरिस खेलों में भारत को निशानेबाजी में दूसरा पदक हासिल दिलाया. अंबाला के पास धीन गांव का यह 22 वर्षीय निशानेबाज पिछले हफ्ते पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में मामूली अंतर से चूक गया और इस निशानेबाज को निराशा में अपनी 2016 से शुरू हुई यात्रा आंखों के सामने दिखने लगी.

उन्हें अंबाला में कोच अभिषेक राणा की अकादमी तक जाने के लिए रोजाना 35 किलोमीटर लंबी बस यात्रा और अपने पिता के त्याग का मंजर याद आने लगा जो अपनी सीमित खेती की आय से परिवार का भरण-पोषण कर पाते थे. साथ ही उन्हें अपने अमेरिका में रहने वाले दादा की याद आई जिन्होंने सुनिश्चित किया कि उनके पोते को कभी भी महंगे निशानेबाजी उपकरणों पर समझौता नहीं करना पड़े.

सरबजोत ने कहा, ”फाइनल के बाद मैं बस यही सोच सका कि मेरे पिता ने पूरी जिंदगी मेरे लिए क्या किया, अमेरिका में मेरे दादा का मदद करना और अपने करियर के पहले दो साल में अम्बाला से बस से जो यात्रा की, वो मेरी आंखों के आगे दिखने लगी. अब पदक जीतने के बाद मुझे उम्मीद है कि मैं अपने माता पिता की जिंदगी बेहतर बना पाऊंगा. ” विश्व स्पर्धाओं में कई पदक जीत चुके सरबजोत ने कहा, ”मैं बस में दो साल सफर करने के बाद ऊब गया था. तीसरे साल से मैं चेतन नाम के एक दोस्त के साथ जाता था क्योंकि 2021 में मुझे रेंज पर जाने के लिए एक कार मिली थी. ”

सरबजोत को शुरू में थोड़ा दबाव महसूस हुआ जिससे उन्होंने 8.6 का निशाना लगाया लेकिन फिर निरंतरता हासिल करके मनु के साथ बराबरी करने लगे. उन्होंने कहा, ”कोई दबाव नहीं था. मैं कल रात साढ़े नौ बजे सोया और सुबह साढ़े पांच बजे उठ गया. लेकिन जब मैं रेंज पर पहुंचा तो मुझे थोड़ा दबाव महसूस हुआ क्योंकि इसको लेकर काफी ‘हाइप’ बन गयी थी.” पर वह व्यक्तिगत स्पर्धा की निराशा से उबरने में सफल रहे, उन्होंने कहा, ”मेरे परिवार ने मेरा मनोबल बढ़ाया. मैंने कोचों से बात की और यह जानने की कोशिश की कहां गलती हुई. कोच के साथ बातचीत तकनीकी ही थी.” सरबजोत की सफलता का काफी श्रेय उनकी मित्र और साथी निशानेबाज आद्य मालरा को भी जाना चाहिए जो उनके साथ अम्बाला की अकादमी में ट्रेनिंग करते हैं.

अभिषेक राणा ने सरबजोत का पदक पक्का होने के बाद भावुक होते हुए कहा, ”सरबजोत और आद्य 2016 में एक साथ ही मेरी अकादमी में आये थे. दोनों के बीच अच्छा तालमेल है और उन्हें किसी टूर्नामेंट की तैयारी के लिए किसी और के साथ ट्रेनिंग की जरूरत नहीं है. ” उन्होंने कहा, ”आद्य ओलंपिक चयन ट्रायल्स का हिस्सा नहीं था लेकिन वह सरबजोत का मनोबल बढ़ाने में अहम रहा. ”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button