पाक पर मोदी का निशाना, कहा:आतंक की आपूर्ति करने करने वाला आज कर रहा है ‘आटे’ के लिए संघर्ष

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 19 Apr 2024 07:33 PM
पाक पर मोदी का निशाना, कहा:आतंक की आपूर्ति करने करने वाला आज कर रहा है ‘आटे’ के लिए संघर्ष
ऑडियो सुनें

दमोह/अमरोहा. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को पाकिस्तान का नाम लिए बिना उस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो देश आतंक की आपूर्ति करता था वह इन दिनों आटे के लिए संघर्ष कर रहा है. मध्य प्रदेश के दमोह में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए, उन्होंने कहा कि भारत कभी अपने अधिकांश हथियार विदेशों से खरीदता था, लेकिन अब वह अन्य देशों को उच्च तकनीक वाले हथियार निर्यात कर रहा है. उन्होंने फिलीपींस को ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल निर्यात करने का उल्लेख किया. दुनिया में मौजूदा स्थिति का हवाला देते हुए, उन्होंने केंद्र में एक मजबूत और स्थिर सरकार की वकालत की.

मोदी ने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा, “दुनिया में कई देश हैं जिनकी हालत खराब हो गई है. कई दिवालिया हो रहे हैं. यहां तक कि हमारा एक पड़ोसी देश, जो आतंकवाद का आपूर्तिकर्ता था, अब आटा की आपूर्ति के लिए संघर्ष कर रहा है.” प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि उनकी सरकार “राष्ट्र प्रथम” के सिद्धांत के साथ काम करती है और कभी भी किसी के दबाव में नहीं आती या किसी के सामने नहीं झुकती.

फरवरी 2022 में यूक्रेन पर आक्रमण के बाद अंतरराष्ट्रीय दबाव के कारण रूस से तेल खरीदने के भारत के कदम का बचाव करते हुए उन्होंने कहा, “देश के लोगों को सस्ता तेल और किसानों को पर्याप्त उर्वरक मिले, यह सुनिश्चित करने के लिए हमने राष्ट्रहित में यह निर्णय लिया है.” मोदी ने कहा, “हमने पिछले 10 वर्षों में देखा है कि एक स्थिर सरकार लोगों के हित में कैसे काम करती है. कोविड-19 संकट के दौरान, दुनिया भर में अराजकता थी, लेकिन एक मजबूत भाजपा सरकार दुनिया भर से अपने नागरिकों को वापस ले आई.” भाजपा के स्टार प्रचारक मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि देश को एक बड़ी वैश्विक शक्ति बनाने के लिए अगले पांच साल महत्वपूर्ण हैं.

उप्र में फिल्म ‘दो शहजादों की जोड़ी’ की शूटिंग चल रही हैं, लेकिन यह पहले ही रिजेक्ट हो चुकी है: मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि फिल्म “दो शहजादों की जोड़ी” की शूटिंग चल रही है, लेकिन उनकी फिल्म पहले ही रिजेक्ट (नकारी जा चुकी) हो चुकी है. उन्होंने अमरोहा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी कंवर सिंह तंवर के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए यह बात कही.

मोदी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) नेता क्रमश: राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर तीखा निशाना साधते हुए कहा, ”उत्तर प्रदेश में एक बार फिर दो शहजादों की जोड़ी की फिल्म की शूटिंग चल रही है. इन दो शहजादों की फिल्म पहले ही रिजेक्ट हो चुकी है.” उन्होंने कहा,” हर बार ये लोग परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की टोकरी उठाकर उत्तर प्रदेश की जनता से वोट मांगने निकल पड़ते हैं. अपने इस अभियान में ये लोग हमारी आस्था पर हमला करने का कोई मौका नहीं छोड़ते.” प्रधानमंत्री ने अमरोहा से कांग्रेस उम्मीदवार दानिश अली पर भी निशाना साधा.

उन्होंने कहा, ”यहां से जो कांग्रेस के प्रत्याशी हैं, उन्हें भारत माता की जय बोलने में भी परेशानी होती है. जिसको भारत माता की जय मंजूर नहीं है, वह भारत की संसद में शोभा देता है क्या? ऐसे व्यक्ति को भारत की संसद में प्रवेश मिलना चाहिये क्या ?” मोदी ने कहा, ”अयोध्या में राम मंदिर बना, तो सपा-कांग्रेस दोनों पार्टियों ने प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण ठुकरा दिया. आप कल्पना कर सकते हैं कि वोट बैंक के भूखे लोग प्रभु राम के प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर निमंत्रण ठुकरा दें. उसके बजाये आप उनकी तरफ देखिये जो जीवन भर बाबरी मस्जिद का केस लड़ते रहे. वह हार गये लेकिन प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम में शामिल हुए .”

उनका इशारा राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद मामले के मुद्दई इकबाल अंसारी की ओर था जो 22 जनवरी को राम मंदिर के अभिषेक समारोह में शामिल हुए थे. प्रधानमंत्री ने कहा,”रामनवमी पर अयोध्या में प्रभु रामलला का भव्य सूर्य तिलक हुआ है. आज जब पूरा देश राममय है, तब समाजवादी पार्टी के लोग वोट बैंक की खातिर रामभक्ति करने वालों को सार्वजनिक रूप से पाखंडी कहते हैं.” उन्होंने कहा कि पिछली सरकारें सामाजिक न्याय के नाम पर अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़े वर्ग को सिर्फ धोखा ही देती रही हैं जबकि वह ज्योतिबा फुले, बाबा साहब का सपना पूरा करने की दिशा में काम कर रहे हैं .

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu