अधिकांश भारतीयों को देश के इतिहास, सांस्कृतिक विविधता के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं

नयी दिल्ली. अधिकांश भारतीयों को देश के इतिहास, संस्कृति, प्रमुख स्थानों, प्रकृति और भोजन के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है. महिंद्रा होलिडेज के एक सर्वेक्षण में यह कहा गया है. सर्वेक्षण में कहा गया कि ज्यादातर भारतीय इस तथ्य से अनजान हैं कि गिर एशियाई शेरों का एकमात्र प्राकृतिक आवास है या खजुराहो महोत्सव मध्य प्रदेश में मनाया जाता है.

कंपनी ने एक बयान में कहा कि महिंद्रा हॉलिडेज की 25वीं वर्षगांठ के मौके पर किए गए इस सर्वेक्षण के अनुसार भारत के विभिन्न व्यंजनों के बारे में जानकारी सबसे कम है. महिंद्रा हॉलिडेज ने कहा, ‘‘हमारे अपने देश, इसकी विविधता, विशालता, संस्कृति, विरासत और व्यंजनों के बारे में जानकारी की आश्चर्यजनक रूप से कमी है.’’ सर्वेक्षण में बताया गया कि 60 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने कहा कि वे भारतीय इतिहास, संस्कृति, भूगोल, प्रकृति, भोजन आदि के बारे में बहुत ज्यादा नहीं जानते हैं.

सर्वेक्षण में शामिल आधे से अधिक (55 प्रतिशत) लोगों को यह नहीं पता था कि ऐपण उत्तराखंड की प्रमुख लोक कला है, जबकि एक तिहाई (39 प्रतिशत) को यह जानकारी नहीं थी कि खजुराहो महोत्सव मध्य प्रदेश में मनाया जाता है. महिंद्रा हॉलिडेज ने कहा कि सर्वेक्षण में शामिल करीब एक तिहाई (32 प्रतिशत) लोगों को यह नहीं पता था कि महाराष्ट्र पैठणी साड़ी खरीदारी के लिए सबसे अच्छी जगह है.

महिंद्रा हॉलिडेज एंड रिजॉर्ट्स इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कविंदर सिंह ने कहा कि जैसे-जैसे लोग भारत को अधिक देखेंगे, वे भारत के अन्य पहलुओं के बारे में जानने के अधिक उत्सुक होंगे. यह सर्वेक्षण 16 शहरों – चंडीगढ़, दिल्ली, जयपुर, लखनऊ, अहमदाबाद, मुंबई, पुणे, नागपुर, सूरत, बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद, कोच्चि, कोयंबटूर, कोलकाता और पटना में किया गया और इसमें 4,039 लोगों की राय ली गई.

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button