एम एस धोनी की मुंबई में हुई घुटने की सर्जरी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 01 Jun 2023 09:12 PM
एम एस धोनी की मुंबई में हुई घुटने की सर्जरी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बायें घुटने का बृहस्पतिवार को मुंबई के एक अस्पताल में सफल आपरेशन हुआ जिससे उनके अगले साल इंडियन प्रीमियर लीग में खेलने की संभावना प्रबल हो गई है . चेन्नई सुपर किंग्स को पांचवां आईपीएल खिताब दिलाने वाले धोनी सोमवार को फाइनल के बाद अहमदाबाद से सीधे मुंबई पहुंचे थे . उन्होंने मशहूर खेल आर्थोपीडिक सर्जन डॉक्टर दिनशॉ पर्डीवाला से सलाह ली जो बीसीसीआई की मेडिकल पैनल में भी हैं . वह ऋषभ पंत समेत कई भारतीय क्रिकेटरों की सर्जरी कर चुके हैं .

सीएसके के सीईओ काशी विश्वनाथ ने पीटीआई को बताया ,”धोनी के घुटने का कोकिलाबेन अस्पताल में सफल आपरेशन हो गया है . वह ठीक है और आपरेशन सुबह ही हुआ है . मेरे पास विस्तृत जानकारी नहीं है . अभी मुझे इसका ब्यौरा मिलना बाकी है .” इससे पहले सीएसके प्रबंधन के एक करीबी सूत्र ने बताया ,” एक या दो दिन में उन्हें छुट्टी मिल जायेगी . वह कुछ दिन आराम करेंगे जिसके बाद उनका रिहैबिलिटेशन शुरू होगा . उम्मीद है कि अगले आईपीएल से पहले उनके पास फिट होने का पूरा समय रहेगा .’ धोनी ने पूरे सत्र में बायें घुटने पर पट्टी बांधकर खेला . विकेटकीपिंग करते समय वह ठीक नजर आये लेकिन बल्लेबाजी के लिये अमूमन आठवें नंबर पर उतरे और विकेटों के बीच दौड़ में लय में नहीं दिखे .

आईपीएल फाइनल के बाद धोनी ने कहा था ,” अगर परिस्थितियों को देखे तो मेरे लिये संन्यास लेने का यह सर्वश्रेष्ठ समय है . मेरे लिये यह कहना बहुत आसान है कि अब मैं विदा ले रहा हूं लेकिन अगले नौ महीने तक कड़ी मेहनत करके लौटना और एक सत्र और खेलना कठिन है .” उन्होंने कहा ,” शरीर साथ देता है तो मैं खेलूंगा . चेन्नई के प्रशंसकों ने जिस तरह से मुझे प्यार दिया, यह उनके लिये मेरा तोहफा होगा कि मैं एक सत्र और खेलूं . उन्होंने जो प्यार और जज्बात दिखाये हैं, मुझे भी उनके लिये कुछ करना चाहिये.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu