
मुंबई. मुंबई के उपनगर अंधेरी (पश्चिम) में शुक्रवार दोपहर बाद एक फिल्म के सेट पर आग लग गयी. बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) की एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. बीएमसी की अधिकारी के मुताबिक इस घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है और फिलहाल आग को बुझाने का अभियान चल रहा है.
उन्होंने बताया कि शाम करीब साढ़े चार बजे अंधेरी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बगल में चित्रकूट ग्राउंड में बने फिल्म के एक सेट पर अचानक आग लग गयी. घटनास्थल से काले धुएं का घना गुबार उठते हुए देखा गया. अग्निशमन सेवा विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक आग बुझाने के लिए घटनास्थल पर दमकल की कम से कम आठ गाड़ियों को मौके पर भेजा गया. अधिकारी के मुताबिक आग एक अस्थायी पंडाल तक ही सीमित थी जहां लकड़ी का कुछ सामान और अन्य चीजें रखीं हुईं थीं. आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है.



