चुनाव के बाद नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं बनने जा रहे हैं : राहुल गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 28 May 2024 08:27 PM
चुनाव के बाद नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं बनने जा रहे हैं : राहुल गांधी
ऑडियो सुनें

वाराणसी. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने वाराणसी संसदीय क्षेत्र पर चुनावी मुकाबले को गरीबों और अरबपतियों की बीच की लड़ाई बताते हुए मंगलवार को कहा कि चुनाव के बाद नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं बनने जा रहे हैं. वाराणसी संसदीय से प्रधानमंत्री मोदी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार हैं जबकि कांग्रेस ने उनके सामने अपनी उत्तर प्रदेश इकाई के प्रमुख अजय राय को उतारा है. प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ‘इंडिया’ गठबंधन के तहत चुनाव लड़ रही हैं और सीट बंटवारे में वाराणसी लोकसभा क्षेत्र कांग्रेस को मिला है. गांधी ने कहा कि यह चुनाव ‘प्रधानमंत्री मोदी’ नहीं बल्कि सिर्फ मोदी और राय के बीच है.

अजय राय के समर्थन में वाराणसी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष गांधी ने कहा, ”मीडिया में कहा जा रहा है कि अजय राय जी हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री से लड़ रहे हैं . काशी की जनता को मैं एक बात बताना चाहता हूं कि यह लड़ाई गरीबों और अरबपतियों के बीच है.ह्व उन्होंने कहा, ”इस चुनाव में नरेन्द्र मोदी जी और अजय राय जी के बीच मुकाबला है . मगर मैं आपको गारंटी से कह रहा हूं कि इस देश के प्रधानमंत्री चार जून को नरेन्द्र मोदी जी नहीं होंगे . इसीलिये यह चुनाव प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार और अजय राय के बीच में नहीं है. यह चुनाव सिर्फ नरेन्द्र मोदी जी और अजय राय जी के बीच में है.”

गांधी ने कहा,” मैं गारंटी के साथ कह रहा हूं कि दोनों के बीच जबरदस्त लड़ाई है और इस लड़ाई को अजय राय जी जीत भी सकते हैं, भारी बहुमत से जीत सकते हैं, क्योंकि यह लड़ाई बनारस के ऑटो रिक्शा वाले, बनारसी साड़ी बनाने वाले, बनारस के किसानों, मजदूरों और अरबपतियों के बीच है.ह्व रैली को समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी संबोधित किया. लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में वाराणसी में एक जून को मतदान होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu