IND vs ENG: भारत-इंग्लैंड के खिलाड़ियों से बनी 21वीं सदी की सर्वश्रेष्ठ एकादश; कोहली-रूट-गांगुली को जगह नहीं

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Fri, 20 Jun 2025 01:48 PM
IND vs ENG: भारत-इंग्लैंड के खिलाड़ियों से बनी 21वीं सदी की सर्वश्रेष्ठ एकादश; कोहली-रूट-गांगुली को जगह नहीं
ऑडियो सुनें

IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच आज से पांच मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत हो रही है। इस सीरीज को लेकर भारतीय फैंस बेहद उत्सुक हैं, क्योंकि विराट कोहली और रोहित शर्मा के टेस्ट से संन्यास के बाद यह टीम इंडिया का पहला असाइनमेंट है। नए कप्तान शुभमन गिल के नेतृत्व में एक युवा भारतीय टीम इंग्लैंड का सामना करेगी। हालांकि, इससे पहले इंग्लैंड के दो पूर्व कप्तानों ने 21वीं सदी की भारत और इंग्लैंड के खिलाड़ियों से बनी सर्वश्रेष्ठ प्लेइंग-11 चुनी है। इस टीम में चौंकाने वाली बात मौजूदा समय के दो सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज विराट कोहली और जो रूट का नहीं होना है। साथ ही टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली, जहीर खान और वेरी वेरी स्पेशन वीवीएस लक्ष्मण को भी इसमें जगह नहीं दी गई है।

नासिर और एथर्टन ने चुनी टीम
इंग्लैंड के दो पूर्व कप्तान नासिर हुसैन और माइकल एथर्टन ने यह 21वीं सदी की भारत और इंग्लैंड के खिलाड़ियों की बेस्ट प्लेइंग-11 चुनी है। उन्होंने ऐसा स्काई स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान किया। ओपनिंग की जिम्मेदारी वीरेंद्र सहवाग और एलिस्टेयर कुक को दी गई है। कुक टेस्ट में इंग्लैंड के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। वहीं, सहवाग को किसी भी गेंदबाजी लाइन अप की बखिया उधेड़ने में महारत हासिल है।

द्रविड़ और सचिन को दी जगह
नासिर और एथर्टन ने तीसरा स्थान राहुल द्रविड़ को दिया है। द्रविड़ किसी भी गेंदबाज को थकाने में माहिर थे। वहीं, उनकी कप्तानी में भारत ने 2007 में पिछली बार इंग्लैंड में कोई टेस्ट सीरीज जीती थी। वहीं, नंबर चार पर इंग्लैंड के लिए जो रूट बल्लेबाजी करते हैं, जबकि भारत के लिए विराट कोहली बल्लेबाजी करते थे। दोनों ही मौजूदा समय के दो सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हैं और फैब-4 का हिस्सा हैं। हालांकि, नासिर और एथर्टन ने इन दोनों को शामिल न करके नंबर-चार पर दुनिया के महानतम बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को खिलाया है। नंबर चार पर तेंदुलकर ने सबसे ज्यादा रन बनाए हैं।

पीटरसन और पंत भी टीम में
वहीं, पांचवां नंबर केविन पीटरसन को दिया गया है। पीटरसन अपने स्टायलिश अंदाज से किसी भी गेंदबाज की धुनाई कर सकते हैं। वहीं, विकेटकीपर के तौर पर ऋषभ पंत को प्लेइंग-11 में शामिल किया है। नासिर और एथर्टन ने पेस बॉलिंग ऑलराउंडर के तौर पर बेन स्टोक्स को टीम में शामिल किया है और प्लेइंग-11 में एकमात्र स्पिनर रविचंद्रन अश्विन हैं। हैरानी की बात यह है कि इसमें न तो अनिल कुंबले हैं और न ही हरभजन सिंह और न ही ग्रीम स्वान। अश्विन जिन्हें इंग्लैंड दौरे पर बेंच पर बैठा दिया जाता था, उन्हें इसमें शामिल किया गया है। हालांकि, इंग्लैंड के भारत दौरे पर जरूर अश्विन ने कहर बरपाया। वहीं, नासिर और एथर्टन ने तीन पेसर के तौर पर स्टुअर्ट ब्रॉड, जसप्रीत बुमराह और जेम्स एंडरसन को शामिल किया है। एंडरसन और ब्रॉड भारत-इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल हैं।

नासिर और एथर्टन की भारत और इंग्लैंड के खिलाड़ियों से बनी 21वीं सदी की सर्वश्रेष्ठ प्लेइंग-11
वीरेंद्र सहवाग, एलिस्टेयर कुक, राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर, केविन पीटरसन, बेन स्टोक्स, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, स्टुअर्ट ब्रॉड, जसप्रीत बुमराह, जेम्स एंडरसन।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news