नवजोत सिद्धू ने धोनी और कोहली की तारीफ में पढ़े कसीदे, जानें क्या कहा…

नई दिल्ली: महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली को मौजूदा दौर के आइकन के रूप में जाना जाता है। दोनों ने क्रिकेट को रोमांचक बनाने के लिए काफी योगदान दिया है। दोनों ही 2008 से लेकर अब तक आईपीएल का हिस्सा हैं.

इस बीच भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा है कि ये दोनों दिग्गज संस्था किसी से कम नहीं हैं। सिद्धू ने कहा कि समकालीन खिलाड़ियों के फीके पड़ने के बाद भी कोहली और धोनी की प्रासंगिकता कम नहीं होगी।

दरअसल, 28 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबला खेला जाना है। इस मुकाबले को लेकर पूछे जाने पर सिद्धू ने कहा, ‘लोग कोहली और धोनी को आइकन कहते हैं, लेकिन मैं उन्हें संस्थाएं कहता हूं। विराट कोहली का नाम पीढ़ियों तक रहेगा। धोनी का नाम पीढ़ियों तक रहेगा। उन्हें लंबे समय तक दुनिया भर में अपने वर्चस्व को स्थापित करने और सभी प्रारूपों में खुद को ढालने के लिए जाना जायेगा। उनका रवैया किसी शेर जैसा है।’

सिद्धू ने कहा, ‘इन दोनों ने अपने करिश्मे और आकर्षण से पूरी दुनिया को प्रभावित किया है। पूरी दुनिया में उन्हें रोल मॉडल माना जाता है। गली के बच्चे विराट कोहली बनना चाहते हैं। उनका प्रभाव इस तरह का है।’ सिद्धू ने धोनी को खास खिलाड़ी करार देते हुए कहा, ‘वह भारत के सर्वश्रेष्ठ कप्तान रहे हैं। वह साथी खिलाड़ियों में आत्मविश्वास भरने में सफल रहे हैं। वह सामान्य खिलाड़ियों को विशेष बनाने में माहिर हैं।’

सिद्धू ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में धोनी की स्टंपिंग का जिक्र करते हुए कहा, ‘धोनी 43 साल के हैं, लेकिन आपने देखा होगा कि उन्होंने किस तरह से स्टंप किया। उन्होंने बिजली की गति से तेजी से गिल्लियां बिखेर दी थीं। मेरा कहने का मतलब यह है कि युवा खिलाड़ी भी इतनी फुर्ती नहीं दिखा सकते हैं। वह इस तरह से लोगों को प्रेरित करते हैं।’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button