झारखंड के बोकारो क्षेत्र से नक्सलवाद का सफाया हो गया: अमित शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 15 Sep 2025 07:01 PM
झारखंड के बोकारो क्षेत्र से नक्सलवाद का सफाया हो गया: अमित शाह
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/रांची. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि झारखंड के बोकारो क्षेत्र से नक्सलवाद का पूरी तरह से सफाया हो गया है. उन्होंने कहा कि एक करोड़ रुपये के इनामी ‘कमांडर’ समेत तीन शीर्ष माओवादियों को मार गिराया गया है. पुलिस ने बताया कि सोमवार सुबह झारखंड के हजारीबाग जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन माओवादी मारे गए.

शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की ‘कोबरा बटालियन’ और राज्य पुलिस की संयुक्त टीम ने नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है, जिसमें कुख्यात नक्सली कमांडर सहदेव सोरेन उर्फ परवेश को ढेर कर दिया गया.

सोरेन प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) की केंद्रीय समिति का सदस्य था और उसके सिर पर एक करोड़ रुपये का इनाम था. गृह मंत्री ने कहा कि साथ ही, दो अन्य इनामी नक्सलियों — रघुनाथ हेम्ब्रम उर्फ चंचल और बीरसेन गंझू उर्फ रामखेलावन — को भी सुरक्षा बलों ने मार गिराया. उन्होंने पोस्ट में कहा, ”इस ऑपरेशन के बाद उत्तरी झारखंड के बोकारो क्षेत्र से नक्सलवाद पूरी तरह से समाप्त हो गया है. जल्द ही पूरा देश नक्सलवाद की समस्या से मुक्त होगा.” गृह मंत्री ने बार-बार कहा है कि 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद का खात्मा कर दिया जाएगा.

झारखंड में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में तीन माओवादी मारे गए

झारखंड के हजारीबाग जिले में सोमवार सुबह सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन माओवादी मारे गए, जिनमें से एक पर एक करोड़ रुपये का इनाम था. पुलिस ने यह जानकारी दी. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गोरहर थाना क्षेत्र के पंतित्री जंगल में सुबह करीब छह बजे प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के सहदेव सोरेन के दस्ते और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई. उन्होंने बताया, ”तलाश अभियान के दौरान एक करोड़ रुपये के इनामी माओवादी सहदेव सोरेन और दो अन्य माओवादियों के शव बरामद कर लिए गए हैं.” अधिकारी ने बताया कि तलाश अभियान अभी जारी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu