बीजापुर में नक्सलियों ने एक स्कूली छात्र समेत तीन लोगों की हत्या की

बीजापुर. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने 13 वर्षीय एक स्कूल छात्र समेत तीन लोगों की गला घोंटकर हत्या कर दी. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस हत्याकांड को मंगलवार को अंजाम दिया गया और मृतकों में से दो माओवादी दिनेश मोडियाम के रिश्तेदार थे, जिसने इस वर्ष मार्च में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था.

बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सुंदरराज पी ने बताया कि 17 जून को गंगालूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पेद्दाकोरमा में नक्सलियों ने तीन लोगों जुगनू मोडियाम (45), सोमा मोडियाम (21) और अनिल माडवी (13) की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी.
उन्होंने बताया कि पुलिस ने सूचना मिलने पर एक दल को घटनास्थल पर भेजा.

सुंदरराज ने बताया कि पुलिस दल ने घटना के अगले दिन तीनों का शव बरामद किया. उन्होंने बताया कि हत्या के कारणों के बारे में जानकारी नहीं मिली है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि जानकारी मिली है कि जुगनू और सोमा पूर्व नक्सली दिनेश मोडियाम के रिश्तेदार थे.

उनके मुताबिक, माओवादियों के डिविजनल कमेटी का सदस्य रहा दिनेश मोडियाम (36) बीजापुर जिले में 26 मामलों में वांछित था तथा उसके सिर पर आठ लाख रुपये का इनाम था. दिनेश ने इस वर्ष 13 मार्च को पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था.
सुंदरराज ने कहा, ”यह अमानवीय कृत्य माओवादियों की जनविरोधी और नैतिक रूप से दिवालिया विचारधारा का एक और ज्वलंत उदाहरण है. इस तरह के कृत्य न केवल निंदनीय हैं बल्कि माओवादी संगठन की हताशा और कायरता को भी दर्शाते हैं, जो निर्दोष नागरिकों, खासकर बच्चों को निशाना बनाते हैं.”

माओवादियों को चेतावनी देते हुए पुलिस अधिकारी ने कहा, ”निर्दोष नागरिकों को नुकसान पहुंचाने का कोई भी प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. हम यह सुनिश्चित करेंगे कि इस जघन्य अपराध के अपराधियों की पहचान की जाए और उन्हें सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ न्याय के कटघरे में लाया जाए.” पेद्दाकोरमा के एक ग्रामीण ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि सोमा मोडियाम ने पिछले शैक्षणिक सत्र (20024-25) में 12वीं कक्षा की परीक्षा पास की थी और कॉलेज में प्रवेश लेने की योजना बना रहा था.

ग्रामीण ने बताया कि वह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी भी कर रहा था और हाल में उसने आबकारी आरक्षक के पद की भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन किया था. वहीं अनिल माडवी सातवीं कक्षा का छात्र था. वह डॉक्टर बनना चाहता था. ग्रामीण ने बताया कि दोनों की हत्या से पूरा गांव स्तब्ध और दुखी है.

ग्रामीणों के अनुसार, लगभग 80 की संख्या में नक्सलियों ने गांव में धावा बोला और दोनों छात्रों को उनके घरों से घसीटकर बाहर निकाला तथा नक्सलियों ने दोनों के हाथ बांध दिए और उन्हें कुछ दूर ले जाकर गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी. सर्व आदिवासी समाज की बीजापुर इकाई के सचिव कमलेश पैकरा ने घटना की निंदा की और कहा कि उनके संगठन का दल घटना का जायजा लेने के लिए पेद्दाकोरमा जाएगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button