हिंदू संगठनों के बीच बेहतर समन्वय समय की जरूरत: होसबाले

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 25 Nov 2023 01:10 PM
ऑडियो सुनें

बैंकॉक: राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (आरएसएस) के नेता दत्तात्रेय होसबाले ने हिंदू समुदाय की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए विभिन्न हिंदू संगठनों के बीच बेहतर समन्वय की जोरदार वकालत करते हुए कहा कि संगठनों की भिन्नता के कारण ही कई देशों में हिंदू लोग अलग-थलग हो गए हैं।

थाईलैंड की राजधानी में यहां शुक्रवार शाम विश्व हिंदू कांग्रेस (डब्ल्यूएचसी) को संबोधित करते हुए आरएसएस महासचिव होसबाले ने कहा कि समाज के सामने मुंह बाए खड़ी चुनौतियों को हल करने के लिए विश्व स्तर पर हिंदू
संगठनों का मजबूत होना समय की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि भाषा, पंथ, जाति, उपजाति और गुरुओं के आधार पर विश्व के कई हिस्सों में कई संघ, संगठन और फोरम बन गए हैं तथा एक-दूसरे के कार्यों को नुकसान पहुंचाने का काम कर रहे हैं। होसबाले ने कहा, ”सगंठनों की इस भिन्नता के कारण हिंदू खो गया है। बड़े उद्देश्य को नहीं भूलना चाहिए। बहुत बार हिंदू समाज की भिन्नता के कारण कई स्थानों पर फूट पैदा हुई है।”

उन्होंने हिंदू समाज की आवाज को प्रभावी तरीके से उठाने के वास्ते मतभेदों और विरोधाभासों को दूर करने के लिए संगठनों के बीच बेहतर समन्वय का आह्वान किया। होसबाले ने कहा, ‘हिंदू संगठनों को आपस में जानकारी साझा करनी होगी, बेहतर समन्वय स्थापित करना होगा, आपस में सहयोग करना होगा और नकल से बचना होगा। दोहराव आपको कहीं नहीं ले जाएगा।”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav