आगे की टिप्पणियों को लेकर सावधान रहने की जरुरत : निज्जर मामले पर कनाडा के PM कार्नी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 18 Jun 2025 08:10 PM
आगे की टिप्पणियों को लेकर सावधान रहने की जरुरत : निज्जर मामले पर कनाडा के PM कार्नी
ऑडियो सुनें

कनैनिस्किस (कनाडा). कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा है कि उन्हें खालिस्तान समर्थक सिख अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के मामले में ‘सावधान’ रहने की जरूरत है क्योंकि यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है. कार्नी से पूछा गया था कि क्या उन्होंने मंगलवार को जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कनाडा की धरती पर निज्जर की हत्या के बारे में बात की थी.

इस सवाल के जवाब में कार्नी ने कहा, ”हमने इस बारे में चर्चा की. प्रधानमंत्री मोदी और मैंने, कानून लागू करने के लिए कानून प्रवर्तन के बीच सीधा सहयोग करने के महत्व, अंतरराष्ट्रीय दमन को संबोधित करने के महत्व के बारे में चर्चा की है.” कनाडा के प्रधानमंत्री ने कहा, ”और जाहिर है कि एक न्यायिक प्रक्रिया चल रही है और मुझे आगे की टिप्पणी के बारे में सावधान रहना होगा.” खालिस्तानी समर्थक अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की 18 जून 2023 में हत्या के बाद कनाडा और भारत के संबंधों में काफी खटास आ गयी थी.
पिछले वर्ष अक्टूबर में ओटावा द्वारा भारतीय उच्चायुक्त और पांच अन्य राजनयिकों को निज्जर मामले से जोड़ने का प्रयास किये जाने के बाद भारत ने अपने शीर्ष अधिकारियों को वापस बुला लिया था.

भारत ने समान संख्या में कनाडा के राजनयिकों को निष्कासित भी कर दिया था भारत ने कनाडा के पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की सरकार पर खालिस्तान समर्थक तत्वों को अपनी जड़े फैलाने की अनुमति देने का आरोप लगाया था. पेशे से अर्थशास्त्री कार्नी ने मार्च में कनाडा के नए प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था. नयी दिल्ली ने ट्रूडो के प्रधानमंत्री पद से हटने के बाद कहा था कि उसे ‘पारस्परिक विश्वास और संवेदनशीलता’ के आधार पर कनाडा के साथ संबंधों को फिर से बनाने की उम्मीद है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu