प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के दौरान नेपाल-भारत के बीच ‘‘बहुत दूर तक जाने वाली सहमति’’ बनी: प्रचंड

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 02 Jun 2023 10:11 PM
प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के दौरान नेपाल-भारत के बीच ‘‘बहुत दूर तक जाने वाली सहमति’’ बनी: प्रचंड
ऑडियो सुनें

इंदौर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात के अगले दिन नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्पकमल दाहाल ‘प्रचंड’ ने शुक्रवार को कहा कि इस भेंट के दौरान दोनों देशों के बीच संपर्क, जल संसाधन और ऊर्जा के क्षेत्रों में आपसी संबंध मजबूत करने को लेकर बहुत दूर तक जाने वाली सहमति बनी है.

प्रचंड मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री चौहान की मेजबानी में इंदौर में शुक्रवार रात आयोजित भोज में शामिल लोगों को संबोधित कर रहे थे.
उन्होंने कहा,‘‘नेपाल के प्रधानमंत्री के रूप में मेरा यह चौथा भारत दौरा है. कल (बृहस्पतिवार) मोदी से मुलाकात के दौरान जिस तरीके से (नेपाल और भारत के बीच) कनेक्टिविटी (संपर्क), जल संसाधन और ऊर्जा के क्षेत्रों में आपसी सहमति बनी है, वह बहुत दूर तक जाने वाली है.’’ प्रचंड ने कहा,‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गर्मजोशी के साथ उद्घोष किया है कि अब नेपाल और भारत के संबंध हिमालय की ऊंचाई तक जाएंगे. यह हमारे लिए बड़ी खुशी और गर्व की बात है.’’

उन्होंने कहा कि वह शनिवार को नेपाल लौट रहे हैं और स्वदेश पहुंचने के बाद नेपाली जनता को बताएंगे कि नेपाल-भारत संबंधों में नये इतिहास की शुरुआत हुई है और इनमें एक नया आयाम जुड़ गया है जिसे मजबूत करना सबका कर्तव्य है. गौरतलब है कि प्रचंड बुधवार से भारत की चार दिन की यात्रा पर हैं और उन्होंने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ दोनों देशों के आपसी संबंधों को लेकर राजधानी दिल्ली में वार्ता की थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu