NIA ने RSS नेता की हत्या मामले में PFI के प्रमुख सदस्य को किया गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 20 Oct 2023 07:32 PM
NIA ने RSS नेता की हत्या मामले में PFI के प्रमुख सदस्य को किया गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राष्ट्रीय अन्वेषण अधिकरण (एनआईए) ने पिछले साल केरल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नेता श्रीनिवासन की हत्या के मामले में प्रतिबंधित पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के एक प्रमुख सदस्य को गिरफ्तार किया है. एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. एजेंसी के एक प्रवक्ता ने बताया कि पिछले साल 16 अप्रैल को हुई घटना के बाद से ही शिहाब उर्फ “बाबू” फरार था.

उन्होंने कहा कि एनआईए की एक विशेष टीम ने केरल के मलप्पुरम जिले में उसके ठिकाने का पता लगाया और बाद में उसे हिरासत में ले लिया. प्रवक्ता ने कहा, “जांच से पता चला कि शिहाब पीएफआई द्वारा संचालित उस आतंकी तंत्र का अहम हिस्सा था, जो श्रीनिवासन की हत्या की साजिश के लिए जिम्मेदार था.” उन्होंने कहा, “ऐसा माना जाता है कि शिहाब ने पीएफआई नेताओं द्वारा रची गई साजिश के अनुरूप काम करते हुए मुहम्मद हकीम को शरण दी, जो पीएफआई नेतृत्व के इशारे पर मामले में अहम सबूतों को नष्ट करने के लिए जिम्मेदार था.”

एनआईए ने इस मामले में 17 मार्च को 59 लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था. इसके बाद, 16 मई को एनआईए की विशेष टीम ने लंबे समय से फरार साहिर के वी को पकड़ लिया था. प्रवक्ता ने कहा कि अब तक 69 व्यक्तियों की पहचान की गई है जो साजिश में कथित तौर पर शामिल थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu