एनआईए ने आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 62 स्थानों पर छापे मारे, माओवादी नेता गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 02 Oct 2023 09:50 PM
एनआईए ने आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 62 स्थानों पर छापे मारे, माओवादी नेता गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) षडयंत्र मामले में सोमवार को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 62 स्थानों पर छापे मारकर एक शीर्ष माओवादी नेता को गिरफ्तार किया. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी.
एजेंसी के एक प्रवक्ता ने कहा कि आंध्र प्रदेश में दिन भर चली छापेमारी के दौरान हथियार, नकदी और अपराध में इस्तेमाल होने वाले दस्तावेज बरामद हुए.

प्रवक्ता ने कहा कि प्रगतिशील र्किमका समाक्या (पीकेएस) की राज्य कार्यकारी समिति के सदस्य चंद्र नरसिम्हुलु को आंध्र प्रदेश के सत्य साई जिले से गिरफ्तार किया गया. एनआईए ने कहा कि इस दौरान 14 कारतूस और एक पिस्तौल जब्त की गई. एजेंसी ने कहा कि कडप्पा जिले के एक परिसर से 13 लाख की राशि जब्त की गई, अन्य स्थानों से माओवादी साहित्य और दस्तावेज जब्त किए गए.

आंध्र प्रदेश के गुंटूर, पलानाडु, विजयवाड़ा, राजमुंदरी, प्रकाशम, बापटला, एलुरु, पूर्वी गोदावरी, डीआर अंबेडकर कोनासीमा, विशाखापत्तनम, विजयनगरम, नेल्लोर, तिरुपति, कडप्पा, सत्य साई, अनंतपुर और कुरनूल जिलों में 53 स्थानों पर छापे मारे गए.
इसके अलावा तेलंगाना के हैदराबाद, महबूब नगर, हनुमाकोंडा, रंगा रेड्डी और आदिलाबाद जिलों में नौ स्थानों पर छापे मारे गए.

प्रवक्ता ने कहा, “अब तक हुई जांच से पता चला है कि विभिन्न संगठनों के नेता और सदस्य भाकपा (माओवादी) को समर्थन दे रहे थे, जिसे 2009 में एक आतंकवादी संगठन करार देते हुए प्रतिबंधित कर दिया गया था. जिन परिसरों पर छापा मारा गया, वे इन संगठनों के सदस्यों और कैडरों के थे.” मामला शुरू में 23 नवंबर, 2020 को अल्लूरी सीतारमाराजू जिले की मुंचिंगपुतु पुलिस ने दर्ज किया था. इसके बाद एनआईए ने मामले की जांच अपने हाथ में लेते हुए 21 मई, 2021 को विजयवाड़ा की एक विशेष अदालत के समक्ष सात आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu