मानव तस्करी मामलों में एनआईए की देशव्यापी छापेमारी: 44 गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 08 Nov 2023 09:04 PM
मानव तस्करी मामलों में एनआईए की देशव्यापी छापेमारी: 44 गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/जम्मू. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) द्वारा बुधवार को की गई देशव्यापी छापेमारी में मानव तस्करी से जुड़े पांच मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर 44 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. एनआई के एक प्रवक्ता ने बताया कि भारत-बांग्लादेश सीमा पर घुसपैठ और अवैध प्रवासियों के बसाने में संलिप्त मानव तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए सीमा सुरक्षा बल और राज्य पुलिस के साथ मिलकर आठ राज्य और दो केंद्र शासित प्रदेशों में 55 स्थानों पर छापेमारी की गई.

अधिकारी ने कहा कि मानव तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए त्रिपुरा, असम, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, हरियाणा, राजस्थान और केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और पुडुचेरी में छापेमारी की गई. प्रवक्ता ने बताया कि 44 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जिनमें से 21 त्रिपुरा से, 10 कर्नाटक से, पांच असम से, तीन पश्चिम बंगाल से, दो तमिलनाडु से और एक-एक आरोपी को पुडुचेरी, तेलंगाना और हरियाणा से गिरफ्तार किया गया.

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जम्मू और सांबा जिलों में छापेमारी के दौरान कुछ और लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें म्यांमा के एक रोहिंग्या मुस्लिम जफर आलम भी शामिल है. एनआईए ने कहा कि बुधवार तड़के देश भर में समन्वित छापे मारे गए, जिससे डिजिटल उपकरणों, आधार और पैन कार्ड (जाली होने का संदेह) सहित पहचान से संबंधित दस्तावेजों, 20 लाख रुपये से अधिक नकदी, 4,550 अमेरिकी डॉलर मूल्य की विदेशी मुद्रा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण वस्तुओं की बरामदगी की गई.

प्रवक्ता ने बताया कि गुवाहाटी, चेन्नई, बेंगलुरु और जयपुर में मानव तस्करी के चार मामले दर्ज होने होने के बाद एक साथ और समन्वित छापेमारी की गई. अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक मामला नौ सितंबर को असम पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने दर्ज किया था जो रोहिंग्या मूल के लोगों सहित भारत-बांग्लादेश सीमा पर अवैध प्रवासियों की घुसपैठ और पुनर्वास के लिए जिम्मेदार मानव तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा था.

प्रवक्ता ने कहा कि यह नेटवर्क देश के विभिन्न हिस्सों में फैला है. उन्होंने बताया कि मामले के अंतरराष्ट्रीय और अंतर राज्यीय संबंध होने और इसकी जटिलता को देखते हुए एनआईए ने औपचारिक रूप से मामले की जांच छह अक्टूबर को अपने हाथ में ली. अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच के दौरान खुलासा हुआ तमिलनाडु, कर्नाटक, राजस्थान, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर सहित विभिन्न राज्यों में गैर कानूनी मानव तस्करी नेटवर्क के अलग-अलग मॉड्यूल सक्रिय हैं.

उन्होंने बताया कि इस खुलासे के बाद एनआईए ने तीन नए मामले दर्ज किए ताकि इस विस्तृत नेटवर्क के देश के अलग-अलग क्षेत्रों और राज्यों में कार्य कर रहे मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया जा सके. प्रवक्ता ने कहा कि इस गैर कानूनी मानव तस्करी नेटवर्क की गतिविधियों और कार्य करने के तरीकों की जांच जारी रहेगी ताकि इनकी पूरी पारिस्थितिकी को नष्ट किया जा सके.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu