केरल के वायनाड में जीप के खाई में गिरने से नौ महिलाओं की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 25 Aug 2023 10:21 PM
केरल के वायनाड में जीप के खाई में गिरने से नौ महिलाओं की मौत
ऑडियो सुनें

वायनाड. केरल के वायनाड जिले में शुक्रवार को एक जीप के खाई में गिर जाने से नौ महिलाओं की मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि सभी महिलाएं एक निजी चाय बागान में काम करती थीं. केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी व मल्लिकार्जुन खरगे ने दुर्घटना में लोगों की मौत पर दुख जताया.

पुलिस ने पुष्टि की कि जीप में चालक समेत 14 लोग सवार थे. यह हादसा अपराह्न करीब 3:30 बजे वलाड-मननथावडी मार्ग पर हुआ.
एक स्थानीय निवासी ने मीडिया को बताया, “जीप एक निजी चाय बागान में काम करने वाली महिलाओं को लेकर मक्कीमला लौट रही थी.” स्थानीय निवासियों ने बताया कि जीप एक ढलान पर मुड़ते वक्त सडक. पर फिसलकर करीब 25 मीटर गहरी खाई में गिर गयी.
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में घायल लोगों को मननथावडी के एक अस्पताल में ले जाया गया लेकिन उनमें से नौ की मौत हो गयी.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”कम से कम दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है.” पुलिस ने बताया कि महिलाएं एक नजदीकी चाय बागान में दिहाड़ी मजदूरी करती थीं.

मुख्यमंत्री विजयन के निर्देश पर राज्य के वन मंत्री ए के शशिंद्रन कोझीकोड से दुर्घटना स्थल पहुंचे. वायनाड में पत्रकारों से बातचीत में शशिंद्रन ने कहा कि स्थानीय लोग घायलों को बचाने के लिए आए. उन्होंने कहा, ”खबरों के अनुसार, जीप में 14 यात्री सवार थे. पांच घायल हैं. दुखद रूप से उनमें से नौ की मौत हो गयी है. लता (41) नामक एक महिला को विशेष उपचार की आवश्यकता है और उसे कोझीकोड मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल ले जाया जाएगा.” राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की और जिला चिकित्सा प्राधिकारियों को घायलों को उत्कृष्ट उपचार मुहैया कराने का निर्देश दिया.

उन्होंने प्राधिकारियों से पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा जरूरत पड़ने पर और फॉरेंसिक सर्जन की सेवा लेने को भी कहा.
श्रमिकों की मौत पर दुख जताते हुए मुख्यमंत्री विजयन ने कहा कि यह दुर्घटना ”अत्यधिक दुखद” है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने कहा कि वह जीप दुर्घटना में लोगों की मौत से ”बहुत दुखी” हैं.

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर कहा, ”जिला प्राधिकारियों से बात कर उनसे तत्काल बचाव कार्य का अनुरोध किया है. मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के प्रति है. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.” कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि उन्हें इस दुर्घटना के बारे में सुनकर काफी दुख हुआ है. उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”दुख की इस घड़ी में पीड़ितों के परिवार के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं. हम घायलों के प्रति संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करते हैं तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu