नीतीश सरकार ने शिक्षा व स्वास्थ्य सेवा की व्यवस्था नष्ट कर बिहार को बर्बाद किया: राहुल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 10 Nov 2025 08:57 PM
नीतीश सरकार ने शिक्षा व स्वास्थ्य सेवा की व्यवस्था नष्ट कर बिहार को बर्बाद किया: राहुल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दावा किया कि बिहार की नीतीश कुमार सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था को नष्ट कर राज्य को बर्बाद कर दिया है. राहुल गांधी ने सोमवार को ‘जेनरेशन जेड’ के एक समूह के साथ अपनी हालिया बातचीत का एक वीडियो ‘एक्स’ पर जारी किया और कहा कि यह पीढ़ी ‘सत्य’ और ‘अहिंसा’ में विश्वास करती है और भारत को एक उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जाएगी. ‘जेनरेशन जेड’ उन लोगों को कहते हैं जिनका जन्म 1997 से 2012 के बीच हुआ है.

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ”भारत की ‘जेनरेशन जेड’ की ऊर्जा मुझे आशा देती है. यह पीढ़ी सत्य और अहिंसा में विश्वास करती है, करुणा और साहस रखती है तथा भारत को एक उज्ज्वल, अधिक न्यायपूर्ण भविष्य की ओर ले जाएगी. मैं उन्हें राजनीतिक क्षेत्र में कदम रखते हुए देखने के लिए उत्साहित हूं.” राहुल गांधी ने युवाओं के साथ कई बिंदुओं पर खुलकर बातचीत की. उन्होंने कहा कि कांग्रेस कह रही है कि दलित, आदिवासी, अति पिछड़ा या मुसलमान कोई भी हो, सभी को समान अवसर मिलना चाहिए और सारी संपत्ति एक या दो हाथों में केंद्रित नहीं होनी चाहिए.

बिहार से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा, ”20 साल से वहां नीतीश कुमार की सरकार है और उन्होंने बिहार को बर्बाद कर दिया है. दूसरी बात, शिक्षा व्यवस्था, चाहे वह प्राथमिक हो या माध्यमिक, विश्वविद्यालय हो या कॉलेज, पूरी शिक्षा व्यवस्था खत्म हो चुकी है. एक के बाद एक पेपर लीक हो रहे हैं… विश्वविद्यालयों में आरएसएस के कुलपति बिठा दिए गए हैं.” राहुल गांधी ने दावा किया कि स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था भी बर्बाद हो गई है. यह वीडियो बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान से एक दिन पहले आया है. बिहार चुनाव में पहले चरण का मतदान छह नवंबर को हुआ था और दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होना है. मतगणना 14 नवंबर को होगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu