
नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय से सांसद गिरिराज सिंह ने बिहार के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर अटकलों को खारिज करते हुए मंगलवार को विश्वास जताया कि विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत के बाद नीतीश कुमार अपने पद पर बने रहेंगे. केंद्रीय कपड़ा मंत्री सिंह ने आश्चर्य जताया कि मुख्यमंत्री के नाम को लेकर कोई ”भ्रम” क्यों है.
उन्होंने हालांकि कहा कि हर पार्टी की अपनी प्रक्रिया होती है और राजग भी बिहार के मुख्यमंत्री को चुनने के लिए बैठकें करेगा.
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के नेता ने संवाददाताओं से कहा, ”पता नहीं ये क्यों भ्रम है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हम चुनाव लड़े. आगे भी नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री होंगे, लेकिन उसकी प्रक्रिया है.” उन्होंने कहा कि भाजपा और जनता दल यूनाइटेड (जद-यू)विधायक दल की अलग-अलग बैठक होगी, जिसके बाद राजग की संयुक्त बैठक होगी. सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ”राजग की बैठक में सभी लोग मिलकर नेता का फैसला करेंगे. और मैं पूरे विश्वास के साथ कह रहा हूं कि नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री होंगे.” वह यहां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे.



