नीतिश के 81 रन, रॉयल्स ने नौ विकेट पर 182 रन बनाये

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 30 Mar 2025 10:14 PM
नीतिश के 81 रन, रॉयल्स ने नौ विकेट पर 182 रन बनाये
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी. नीतिश राणा ने 36 गेंद में 81 रन बनाये लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल के मैच में रविवार को नौ विकेट पर 182 रन बनाये . तीसरे नंबर पर उतरे नीतिश ने चेन्नई के गेंदबाजों पर दबाव बनाते हुए अपनी पारी में 10 चौके और पांच छक्के लगाये . इससे पहले चेन्नई के कप्तान रूतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया .

अपने घरेलू मैदान पर खेल रहे रॉयल्स के कप्तान रियान पराग (37) ने दो चौके और दो छक्के लगाये लेकिन उनकी पारी में लय का अभाव दिखा . रॉयल्स आखिरी पांच ओवर में 37 रन ही बना सके . लेकिन रॉयल्स के लिये अच्छी बात यह है कि 2019 के बाद से चेन्नई की टीम 180 से ऊपर के लक्ष्य का पीछा कर पाने में नाकाम रही है . चेन्नई के लिये बीच के ओवरों में अफगानिस्तान के बायें हाथ के कलाई के स्पिनर नूर अहमद ने 28 रन देकर दो विकेट लिये . वहीं श्रीलंका के मथीषा पथिराना ने डैथ ओवरों में किफायती गेंदबाजी करते हुए 28 रन देकर दो विकेट चटकाये . खलील अहमद ने 38 रन देकर दो विकेट लिये .

रॉयल्स की शुरूआत अच्छी नहीं रही और पहली गेंद पर चौका जड़ने के बाद सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को खलील ने आउट कर दिया . इसके बाद नीतिश और संजू सैमसन (20) ने 42 गेंद में 82 रन की साझेदारी की . नीतिश ने फ्लिक, पूल , स्लॉग स्वीप जैसे कई शॉट खेले . उन्होंने सिर्फ 21 गेंद में पहला पचासा पूरा किया . रॉयल्स ने पावरप्ले में एक विकेट पर 79 रन बनाये जो आईपीएल के इतिहास में उनका तीसरा सर्वोच्च स्कोर है .

सैम कुरेन की जगह खेल रहे चेन्नई के गेंदबाज जैमी ओवरटन ने पहले दो ओवर में ही 30 रन दे डाले . वहीं पावरप्ले से पहले खलील के आखिरी ओवर में 15 रन बने . अश्विन ने अपने पहले ही ओवर में 19 रन दे डाले . नूर ने सैमसन को लांग आफ पर रचिन रविंद्र के हाथों लपकवाकर इस साझेदारी को तोड़ा . इस बीच नीतिश का आक्रामक प्रदर्शन जारी था जिन्होंने महीष पथिराना को छक्का जड़ने के बाद अश्विन को छक्का और चौका लगाया .

अश्विन ने नीतिश को चकमा देकर आगे बढने पर मजबूर किया और विकेट के पीछे महेंद्र सिंह धोनी ने चुस्ती से स्टम्पिंग करके उन्हें पवेलियन भेजा. नूर ने इसके बाद ध्रुव जुरेल को आउट किया जबकि रविंद्र जडेजा ने वानिंदु हसरंगा (चार) को रवाना किया. रियान पराग ने 17वें ओवर में नूर को चौका और छक्का लगाया लेकिन पथिराना के ओवर में विकेट गंवा बैठे . शिमरोन हेटमायेर ने एक छक्का और चौका लगाकर रॉयल्स को 175 के पार पहुंचाया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu