प्रधानमंत्री चाहे कुछ भी कहें, ‘इंडिया’ मणिपुर में भारत की अवधारणा का पुनर्निर्माण करेगा: राहुल

नयी दिल्ली. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) पर निशाना साधे जाने के बाद मंगलवार को उन पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री इस गठबंधन को लेकर कुछ भी कहें, लेकिन यह ‘इंडिया’ है, जो मणिपुर को मरहम लगाने तथा हर महिला और बच्चे के आंसू पोंछने में मदद करेगा.
कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि यह विपक्षी गठबंधन मणिपुर में भारत की अवधारणा का पुर्निनर्माण करेगा.

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ”मोदी जी, आप हमें जो चाहें संबोधित कर लें. हम ‘इंडिया’ हैं. हम मणिपुर को मरहम लगाने और हर महिला एवं बच्चे के आंसू पोंछने में मदद करेंगे. हम राज्य के सभी लोगों के जीवन में प्यार और शांति वापस लाएंगे. हम मणिपुर में भारत की अवधारणा का पुर्निनर्माण करेंगे.” प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ को देश का अब तक का सबसे ‘दिशाहीन’ गठबंधन करार दिया और ईस्ट इंडिया कंपनी तथा इंडियन मुजाहिदीन जैसे नामों का हवाला देते हुए कहा कि केवल देश के नाम के इस्तेमाल से लोगों को गुमराह नहीं किया जा सकता. प्रधानमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही.

संसद में मणिपुर के मुद्दे पर विस्तृत बयान दें और देश को विश्वास में लें प्रधानमंत्री : खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को संसद में मणिपुर की स्थिति के बारे में विस्तृत बयान देना चाहिए और देश को भरोसे में लेना चाहिए. विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के घटक दलों की बैठक के बाद खरगे ने यह भी कहा कि मणिपुर में जो रहा है वह इस सीमावर्ती राज्य के लिए अच्छा नहीं है.

उन्होंने ट्वीट किया, ”मणिपुर में 83 दिनों से जारी हिंसा पर प्रधानमंत्री को संसद में विस्तृत बयान देने की जरूरत है. बेहद भयावहता की कहानियां अब धीरे-धीरे सामने आ रही हैं.’इंडिया’ ने मणिपुर हिंसा पर मोदी सरकार से जवाब मांगा.” कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ”पूर्वोत्तर में हालात नाजुक हैं और मणिपुर हिंसा का असर दूसरे राज्यों पर भी पड़ता दिख रहा है. यह हमारे संवेदनशील सीमावर्ती राज्यों के लिए अच्छा नहीं है. अब समय आ गया है कि प्रधानमंत्री मोदी अपना अहंकार त्यागें और मणिपुर पर देश को विश्वास में लें.” उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री मोदी को बताना चाहिए कि उनकी सरकार हालात सुधारने के लिए क्या कर रही है और मणिपुर में हालात कब सामान्य होंगे.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button