जासूसी के संदेह में नॉर्वे ने 15 रूसी राजनयिकों को निष्कासित किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 13 Apr 2023 06:50 PM
जासूसी के संदेह में नॉर्वे ने 15 रूसी राजनयिकों को निष्कासित किया
ऑडियो सुनें

कोपनहेगन. नॉर्वे की सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह ओस्लो में रूसी दूतावास में काम करने के दौरान जासूसी करने के संदेह में 15 रूसी राजनयिकों को देश से निष्कासित कर रही है. विदेश मंत्री एनीकेन ह्यूटफेल्ड ने कहा कि यह कदम ‘‘नॉर्वे में रूसी खुफिया गतिविधियों के दायरे को कम करने और इस तरह हमारे राष्ट्रीय हितों को सुरक्षित करने के लिए एक महत्वपूर्ण उपाय है.’’ ह्यूटफेल्ड ने कहा कि अवांछित घोषित किए गए रूसियों को ‘‘थोड़े समय के भीतर नॉर्वे छोड़ देना चाहिए.’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम नार्वे के वीजा के लिए आवेदन करने वाले खुफिया अधिकारियों को वीजा नहीं देंगे.’’ नॉर्वे की सरकार ने कहा कि रूसियों की गतिविधि अवांछित घोषित की गई क्योंकि यह ‘‘उनके राजनयिक दर्जे के साथ असंगत थी’’. विदेश मंत्री ने जोर देकर कहा कि ओस्लो ‘‘रूस के साथ सामान्य राजनयिक संबंध चाहता है, और नॉर्वे में रूसी राजनयिकों का स्वागत है.’’ रूस की तास और आरआईए नोवोस्ती समाचार एजेंसियों के मुताबिक, रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि मॉस्को नॉर्वे की कार्रवाई का जवाब देगा.

एक साल पहले, नॉर्वे ने उन तीन रूसी राजनयिकों को निष्कासित कर दिया था जिनकी पहचान खुफिया अधिकारियों के रूप में की गई थी. जिस व्यक्ति पर नार्वे पुलिस सुरक्षा सेवा ने रूस की खुफिया सेवाओं में से एक के लिए काम करते समय झूठे नाम और पहचान का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था उसे भी पिछले साल गिरफ्तार किया गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu