स्टैंडअप कॉमेडियन कुणाल कामरा के खिलाफ विधान परिषद में विशेषाधिकार हनन का नोटिस

मुंबई. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता प्रवीण दरेकर ने महाराष्ट्र विधान परिषद में पैरोडी गीत के लिए स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा के खिलाफ बुधवार को विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव पेश किया. उन्होंने शिवसेना(उबाठा) की प्रवक्ता सुषमा अंधारे के खिलाफ भी इसी तरह का नोटिश पेश किया है.

विधान परिषद के नेता दरेकर ने प्रस्ताव पेश करते हुए कहा, ”कुणाल कामरा ने एक पैरोडी गाना गाया, जिसमें उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के लिए व्यक्तिगत और अपमानजनक टिप्पणियां शामिल थीं.” उन्होंने कहा, ”अंधारे ने उक्त गाने का समर्थन किया और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया, जो सदन की अवमानना ??है.” दरेकर ने आरोप लगाया कि कामरा और अंधारे दोनों ने अपनी टिप्पणियों के जरिये विधायी संस्थाओं की गरिमा का अनादर किया है.

इस नोटिस को विशेषाधिकार समिति के समक्ष प्रस्तुत करने से पहले परिषद के सभापति राम शिंदे की मंजूरी लेनी होगी. यदि समिति इसे मंजूरी दे देती है, तो सदन में इस प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी. वहीं, महाराष्ट्र विधानसभा में शिवसेना विधायक रमेश बोरनारे ने अंधारे पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का मजाक उड़ाने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस पेश किया. वित्त राज्य मंत्री आशीष जायसवाल ने बोरनारे का समर्थन किया.

सुधीर मुनगंटीवार (भाजपा) ने कहा कि विशेषाधिकार समिति के सदस्यों के नाम जल्द से जल्द घोषित किये जाने चाहिए. पीठासीन अधिकारी संजय केलकर ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर नोटिस पर फैसला लेंगे. इस बीच, महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्ष ने बुधवार को सभापति राम शिंदे के खिलाफ अपना अविश्वास प्रस्ताव वापस ले लिया और कहा कि उन्हें उच्च सदन में निष्पक्ष व्यवहार का आश्वासन दिया गया है. विधानमंडल के उच्च सदन में नेता प्रतिपक्ष और शिवसेना (उबाठा) के विधान परिषद सदस्य अंबादास दानवे ने सभापति कार्यालय को एक पत्र सौंपकर 19 मार्च को पेश किए गए अपने प्रस्ताव को वापस ले लिया.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button