नयी दिल्ली. नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी ने बुधवार को कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी कामकाजी आबादी और मजबूत भौतिक एवं डिजिटल संस्थानों की मौजूदगी से भारत के लिए अब उड़ान भरने का वक्त आ गया है. बेरी ने यहां ‘पब्लिक अफेयर्स फोरम ऑफ इंडिया’ की तरफ से आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था ऐसे मुकाम पर है जहां निजी क्षेत्र को अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है.
उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र देश में शोध एवं विकास गतिविधियों में 40 प्रतिशत योगदान करता है जबकि विकसित देशों में यह अनुपात 70 प्रतिशत है. बेरी ने कहा, ”यह भारत के लिए उड़ान भरने का वक्त है. मानवता के पांचवें हिस्से के जीवनस्तर में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी.”
उन्होंने कहा, ”इस बात में कोई संदेह नहीं है कि भारत आगे बढ़ रहा है. भारत के पास दुनिया की सबसे बड़ी कामकाजी उम्र वाली आबादी है और इसके पास मजबूत भौतिक एवं डिजिटल संस्थान भी हैं.” इस मौके पर नीति आयोग के उपाध्यक्ष ने शहरीकरण के प्रबंधन, नियमों को स्थिर एवं सतत बनाने और व्यापक बदलाव वाली प्रौद्योगिकियों को अपनाने जैसी अहम चुनौतियों से निपटने की जरूरत पर भी बल दिया.