निर्वस्त्र तस्वीर मामला: मुंबई पुलिस ने अभिनेता रणवीर सिंह का बयान किया दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 29 Aug 2022 07:24 PM
निर्वस्त्र तस्वीर मामला: मुंबई पुलिस ने अभिनेता रणवीर सिंह का बयान किया दर्ज
ऑडियो सुनें

मुंबई. मुंबई पुलिस ने, अपनी निर्वस्त्र तस्वीरें सोशल मीडिया मंच पर साझा करने के मामले में सोमवार को अभिनेता रणवीर सिंह का बयान दर्ज किया. एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) के पदाधिकारी की शिकायत के आधार पर चेंबूर थाने में सिंह के खिलाफ पिछले महीने एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी. इसके बाद पुलिस ने अभिनेता को नोटिस जारी कर जांच में शामिल होने को कहा था.

अधिकारी ने बताया कि अभिनेता सोमवार सुबह सात बजे जांच अधिकारी के समक्ष पेश हुए और अपना बयान दर्ज करवााया. सिंह सुबह करीब साढ़े नौ बजे थाने से निकले. जरूरत पड़ने पर अभिनेता को दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है. एनजीओ के एक पदाधिकारी ने शिकायत में आरोप लगाया था, ‘‘ अभिनेता ने अपनी तस्वीरों से महिलाओं की भावनाओं को आहत किया और उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाई है.’’

शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 292 (अश्लील किताबों आदि की बिक्री), 293 (युवाओं को अश्लील सामग्री की बिक्री), 509 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से कोई शब्द कहना, इशारा करना या किसी कृत्य को अंजाम देना) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधानों के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की थी. रणवीर सिंह को ‘बाजीराव मस्तानी’, ‘पद्मावत’ और ‘गली बॉय’ जैसी कई हिट फिल्मों में अपने बेहतरीन अभिनय के लिए जाना जाता है.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu