नूंह हिंसा का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 24 Aug 2023 09:21 PM
नूंह हिंसा का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

गुरुग्राम/नूंह. नूंह में साप्रदायिक हिंसा में कथित तौर पर शामिल एक व्यक्ति को पुलिस ने संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान फिरोजपुर नमक गांव के निवासी उस्मान उर्फ पहलवान के तौर पर की गई है.

पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई को विश्व हिंदू परिषद की ब्रज मंडल यात्रा के दौरान भीड़ के हमले के बाद नूंह में हुईं सांप्रदायिक झड़पों के मामले में अब तक 61 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं और 286 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इन सांप्रदायिक झड़पों में दो होम गार्ड और एक मौलवी सहित कुल छह लोगों की जान चली गई थी. बुधवार देर रात नूंह पुलिस ने मुठभेड़ के बाद उजीना नहर नाले के करीब से उस्मान को गिरफ्तार किया.

पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर फिरोजपुर नमक गांव से अली मेओ गांव की ओर जा रहा है. इसके बाद तलाश अभियान चलाया गया. पुलिस ने बताया कि जब उस्मान को रोकने की कोशिश की गई तो उसने पुलिसर्किमयों पर गोलियां चलाईं और पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गोली उसके पैर में लगी. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.

पुलिस ने बताया कि उसके पास से एक देसी पिस्तौल, एक खोखा और मोटरसायकिल बरामद की गई. नूंह के पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि आरोपी उस्मान नल्हार आगजनी मामले में वंछित है. उसका नल्हार मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है.

हरियाणा हिंसा के दौरान बजरंग दल सदस्य की हत्या के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

हरियाणा में हाल ही में हुई सांप्रदायिक हिंसा के दौरान बजरंग दल के एक सदस्य की हत्या के आरोप में गुरुग्राम पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. नूंह में 31 जुलाई को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की शोभायात्रा पर कथित रूप से पथराव के बाद सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई थी. हिंसा पड़ोसी जिले गुरुग्राम में भी फैल गई थी. हिंसा में दो होम गार्ड और एक इमाम समेत छह लोगों की मौत हुई है.

प्रदीप कुमार शर्मा गुरुग्राम के सोहना इलाके के एक समूह का हिस्सा थे, जिसने विहिप की यात्रा में भाग लिया था. जब वे सोहना में जावेद कॉलोनी की ओर लौट रहे थे, तो नूंह में सांप्रदायिक झड़प के कुछ घंटों बाद दंगाइयों ने उनकी कार पर पथराव किया. पुलिस ने उन्हें भीड़ से बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन दो अगस्त को शर्मा की मौत हो गई. गुरुग्राम पुलिस के विशेष जांच दल (एसआईटी) ने इस मामले में सोहना की रायपुर कॉलोनी निवासी अजहरुद्दीन उर्फ अज्जू को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने कहा कि इस मामले में यह पहली गिरफ्तारी है.

एसआईटी के प्रमुख विजय प्रताप सिंह ने कहा, ”गिरफ्तार आरोपी को आज शहर की एक अदालत में पेश किया गया और हमने उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है. हम आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं.” आम आदमी पार्टी (आप) के स्थानीय नेता जावेद अहमद पर शर्मा की हत्या की साजिश रचने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था. हालांकि, उन्हें अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि आप नेता के खिलाफ आरोप की जांच की जा रही है और कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी.

जावेद और अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 148 (दंगा), धारा 149 (गैरकानूनी रूप से एकत्र होना), धारा 188 (एक लोक सेवक द्वारा विधिवत घोषित आदेश की अवज्ञा), धारा 302 (हत्या), धारा 506 (आपराधिक धमकी) के तहत सोहना थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu