ओडिशा के मुख्यमंत्री ने ममता बनर्जी से की बात, आलू की आपूर्ति में सुधार का किया आग्रह

भुवनेश्वर. ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने रविवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बात की और उनसे आलू की आपूर्ति में सुधार करने का अनुरोध किया. मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक बयान में यह जानकारी दी. माझी ने टेलीफोन पर बातचीत के दौरान कहा कि नयी दिल्ली में उनकी बैठक के बाद ओडिशा को आलू की आपूर्ति में सुधार हुआ था, लेकिन अब स्थिति फिर से खराब हो गई है.

सीएमओ ने बयान में कहा कि मुख्यमंत्री माझी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से इस मामले में हस्तक्षेप करने और समस्या का समाधान करने का आग्रह किया. बयान के मुताबिक बनर्जी ने माझी को मुद्दे को सुलझाने के लिए उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया है. पश्चिम बंगाल पुलिस द्वारा ओडिशा में आलू के अनधिकृत परिवहन की जांच के लिए सीमावर्ती गांवों में सीसीटीवी लगाए जाने के बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री ने बनर्जी को फोन किया.

ओडिशा सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राज्य भर में खुदरा दुकानों पर 100 रुपये में तीन किलोग्राम की दर से आलू बेचना शुरू कर दिया है. राज्य के खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री के सी पात्रा ने रविवार को कहा कि नैफेड (भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ लिमिटेड) के माध्यम से राज्य के विभिन्न स्थानों पर आलू भेजे गए हैं. पात्रा ने कहा कि सरकारी खुदरा दुकानों ने रसोई की आवश्यक सामग्री आलू को 100 रुपये में तीन किलोग्राम की दर से बेचना शुरू कर दिया है.

मंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”सरकार के इस कदम के बाद व्यापारियों ने भी आलू को बाजार में उतारना शुरू कर दिया है. मुझे उम्मीद है कि व्यापारी भी उचित दाम पर आलू बेचना शुरू कर देंगे.” पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल द्वारा आलू की आपूर्ति रोक दिए जाने तथा राज्य के व्यापारियों द्वारा उत्तर प्रदेश से आलू खरीदने से इनकार करने के बाद ओडिशा में आलू का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है. पात्रा ने कहा कि आलू सीधे उत्तर प्रदेश से मंगाया जाएगा.

उन्होंने कहा, ”मैंने इस संबंध में रेल मंत्री से बात की है. अब ओडिशा को अपनी खपत के लिए पर्याप्त आलू मिल सकेगा….” इस बीच, ओडिशा के मुख्य नागरिक आपूर्ति अधिकारी संजीव कुमार साहू ने कहा कि शनिवार को 50 से अधिक पीडीएस डीलर के बीच आलू के दो ट्रक वितरित किए गए हैं तथा रविवार को आलू से भरे और ट्रक आने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति पीडीएस की दुकान पर जाकर 100 रुपये में तीन किलोग्राम आलू खरीद सकता है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button