ओडिशा: पुलिस ने विस्फोटक लूट मामले में मुख्य साजिशकर्ता को किया गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 15 Jun 2025 11:09 PM
ओडिशा: पुलिस ने विस्फोटक लूट मामले में मुख्य साजिशकर्ता को किया गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

राउरकेला. ओडिशा पुलिस ने 27 मई को सुंदरगढ़ जिले में एक खदान के निकट एक वाहन से माओवादियों द्वारा पांच टन विस्फोटक लूटने की साजिश रचने वाले मुख्य आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान के. बालंग थाना क्षेत्र के बांको गांव में रहने वाले जॉर्ज मुंडा उर्फ कुलु (43) के रूप में हुई है.
उन्होंने बताया कि मुंडा माओवादियों को महत्वपूर्ण जानकारी दे रहा था.

पुलिस उपमहानिरीक्षक (पश्चिमी रेंज) बृजेश राय ने बताया कि लूट की शुरुआत से ही वह मुख्य साजिशकर्ता था और सक्रिय रूप से माओवादियों को जानकारी दे रहा था. राय ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को जॉर्ज की मिलीभगत का पता चला. अधिकारी ने बताया कि कुलु खदान के ठीक सामने रहता था और उसे खदान पर आपत्ति थी. खदान को बाद में बंद कर दिया गया. पुलिस ने बताया कि आरोपी ने ही विस्फोटकों से लदे वाहन की आवाजाही के बारे में जानकारी दी थी और सुनिश्चित किया था कि लूट बिना किसी समस्या के हो जाए.

माओवादियों ने 27 मई को बंदूक दिखाकर विस्फोटकों के लगभग 200 पैकेट लूट लिए, जिनमें से अधिकतर जिलेटिन की छड़ें थीं.
विस्फोटकों की खेप को पत्थर की खदान में विस्फोट के लिए ले जाया जा रहा था. लूट की घटना के एक दिन बाद ओडिशा के पुलिस महानिदेशक वाईबी खुरानिया व पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया और राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की एक टीम ने भी मामले की जांच शुरू कर दी.

ओडिशा पुलिस ने घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल का भी गठन किया. सुरक्षार्किमयों ने 30 मई को माओवादियों के साथ भीषण मुठभेड़ के बाद सुंदरगढ़ जिले में लूटे गए विस्फोटकों की एक बड़ी मात्रा बरामद की. पुलिस को ओडिशा सीमा से करीब तीन किलोमीटर दूर झारखंड के घने जंगल में चोरी किए गए विस्फोटक मिले. पुलिस के मुताबिक, अब तक 3.8 टन विस्फोटक बरामद किया गया है जबकि शेष विस्फोटक की तलाश अब भी जारी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu