ओडिशा : तीन लाख आदिवासी छात्रों को मिलेगी पांच हजार रुपये की वित्तीय सहायता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 05 Sep 2024 08:33 PM
ओडिशा : तीन लाख आदिवासी छात्रों को मिलेगी पांच हजार रुपये की वित्तीय सहायता
ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर. ओडिशा सरकार ने राज्य के लगभग तीन लाख आदिवासी विद्यार्थियों को उनकी पढ़ाई के लिए पांच हजार रुपये की वार्षिक वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है. राज्य के संसदीय कार्य मंत्री मुकेश महालिंग ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में यह घोषणा की. मुकेश महालिंग ने कहा कि 8वीं/10वीं कक्षा उत्तीर्ण कर 9वीं/11वीं कक्षा में प्रवेश लेने वाले प्रत्येक आदिवासी विद्यार्थी को प्रोत्साहन राशि के रूप में प्रतिवर्ष 5,000 रुपये प्रदान किए जाएंगे.

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की अध्यक्षता में बुधवार रात हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया. मंत्री ने कहा कि ‘माधो सिंह हाथ खर्च योजना’ नामक इस नयी योजना के तहत प्रत्येक आदिवासी विद्यार्थी को पांच हजार रुपये मिलेंगे. मंत्री ने विधानसभा को बताया कि इस योजना से राज्य में आदिवासी विद्यार्थियों के बीच में पढ़ाई छोड़ने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगेगा. महालिंग ने कहा कि माधो सिंह हाथ खर्च योजना के तहत अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के लगभग तीन लाख विद्यार्थी लाभान्वित होंगे, जिसके लिए राज्य सरकार ने इस वर्ष बजट में 156 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं. यह योजना इसी वर्ष से लागू की जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu