निगम आयुक्त की कार के आगे कटा नींबू फेंकने पर अधिकारी का तबादला, पुलिस में शिकायत दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 18 Oct 2023 09:25 PM
निगम आयुक्त की कार के आगे कटा नींबू फेंकने पर अधिकारी का तबादला, पुलिस में शिकायत दर्ज
ऑडियो सुनें

इंदौर. इंदौर नगर निगम की आयुक्त र्हिषका सिंह की कार की आगे कथित तौर पर कटा नींबू फेंकने की घटना सामने आने के बाद इस निकाय के एक अधिकारी का बुधवार को तबादला कर दिया गया. इस अफसर के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि कटा नींबू फेंकने की घटना टोने-टोटके से जुड़ी हो सकती है.

अधिकारियों ने बताया कि सिटी मिशन प्रबंधक के पद पर कार्यरत निखिल कुल्मी पर आरोप है कि उन्होंने सोमवार को गीता भवन क्षेत्र में सरकारी कार्यालय के परिसर में निगम आयुक्त र्हिषका सिंह की कार के आगे कटा नींबू फेंका. अधिकारियों के मुताबिक यह घटना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. उन्होंने बताया कि निगम के एक सुरक्षा कर्मी और पांच कार चालकों की ओर से संयोगितागंज पुलिस थाने में इस घटना की शिकायत दर्ज कराते हुए कुल्मी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गुजारिश की गई है.

अधिकारियों ने बताया कि निगम आयुक्त ने कुल्मी का तबादला इस निकाय के नियंत्रण कक्ष में कर दिया है. अधिकारियों के मुताबिक तबादला आदेश में आयुक्त ने नियंत्रण कक्ष के प्रभारी को यह निर्देश भी दिया है कि वह कुल्मी के काम पर ”नियमित निगरानी” रखे.
कुल्मी, राज्य में 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनावों की आदर्श आचार संहिता लागू होने से पहले तक महापौर पुष्यमित्र भार्गव के ‘ओएसडी’ के रूप में काम कर रहे थे. भार्गव ने कहा,”मुझे कुल्मी के खिलाफ शिकायत की जानकारी मिली है. संबंधित घटनाक्रम पहली नजर में निंदनीय है. इसके तमाम तथ्यों की जांच करके नियमानुसार कदम उठाए जाने चाहिए.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu