केरल में संघ के पथ संचलन का पुराना वीडियो हरियाणा चुनाव से जोड़ा गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 01 Sep 2024 06:49 PM
केरल में संघ के पथ संचलन का पुराना वीडियो हरियाणा चुनाव से जोड़ा गया
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकताओं के पथ संचलन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल है. इसे लेकर दावा किया जा रहा है कि यह हरियाणा का वीडियो है और संघ आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत सुनिश्चित करने के वास्ते सक्रिय हो गया है.

हालांकि, पीटीआई फैक्ट चेक की पड़ताल में पता चला कि वायरल वीडियो हरियाणा का नहीं बल्कि केरल के मलप्पुरम का है. अक्टूबर 2022 में मलप्पुरम में विजयादशमी के मौके पर आरएसएस के कार्यकताओं ने पंथ संचलन किया था, जिसे सोशल मीडिया पर हरियाणा विधानसभा चुनाव से जोड़कर शेयर किया जा रहा है.

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक उपयोगकर्ता ने वायरल वीडियो के साथ लिखा, “हरियाणा में आरएसएस. अच्छा लगता है कि वे अब हाइपर एक्टिव मोड में हैं. आरएसएस और बीजेपी के बीच सभी आंतरिक मुद्दे सुलझ गए हैं. वे जानते हैं कि मातृभूमि भारत किसी भी अहंकार से परे है. स्वयंसेवक होने पर गर्व है.” इस पोस्ट को अब तक 1,90,000 से अधिक बार देखा जा चुका है और लगभग 3,000 बार रीट्वीट किया गया है.

वीडियो की सत्यता जांचने के लिए पीटीआई फैक्ट चेक टीम ने इनविड टूल के जरिए वीडियो के की-फ्रेम्स निकाले और फिर गूगल लेंस के जरिए इसे रिवर्स सर्च किया. इस दौरान हमें 7 अक्टूबर 2022 का एक इंस्टाग्राम पोस्ट मिला, जिसमें वायरल वीडियो को केरल का बताया गया. वीडियो के विवरण में बताया गया कि यह पथ संचलन केरल के मलप्पुरम के तनूर में हुआ था. इसके अलावा फेसबुक पेज ‘विश्व संवाद केंद्र – कोंकण’ पर भी यह वीडियो विजयादशमी के अवसर पर मलप्पुरम में हुए पथ संचलन का बताकर शेयर किया गया था.

पीटीआई फैक्ट चेक टीम ने वीडियो में दिख रहे साइनबोर्ड की मदद से गूगल मैप पर मूल लोकेशन का पता लगाया और पाया कि यह जगह केरल के मलप्पुरम में स्थित है. हमारी जांच से यह स्पष्ट होता है कि वायरल वीडियो को गलत संदर्भ के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है. किसी भी दावे या सोशल मीडिया पोस्ट की तथ्य-जांच के लिए, पीटीआई फैक्ट चेक को व्हाट्सएप नंबर +91-8130503759 पर संपर्क किया जा सकता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu