आईएमएफ के फैसले से उमर अब्दुल्ला हैरान, पूछा ‘ कैसे होगा तनाव कम, जब पाकिस्तान फंड का इस्तेमाल तबाही मचाने में कर रहा’

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Sat, 10 May 2025 12:08 PM
आईएमएफ के फैसले से उमर अब्दुल्ला हैरान, पूछा ‘ कैसे होगा तनाव कम, जब पाकिस्तान फंड का इस्तेमाल तबाही मचाने में कर रहा’
ऑडियो सुनें

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आईएमएफ के पाकिस्तान को दिए गए फंड पर हैरानी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अपना दुख और रोष जाहिर किया। हैरान अब्दुल्ला ने एक्‍स पर पर लिखा, ” मुझे समझ मेंं नहीं आता कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय उपमहाद्वीप में बढ़ते तनाव को कैसे कम करने के बारे में सोच सकता है। जब आईएमएफ पाकिस्तान को उन सभी हथियारों के लिए पैसे दे रहा है जिसका इस्तेमाल पाकिस्तान पुंछ, राजौरी, उरी, तंगधार और कई अन्य स्थानों को तबाह करने के लिए कर रहा है।”

जम्मू कश्मीर प्रशासनिक अधिकारी की पाक गोलीबारी में मौत पर उमर अब्दुल्ला ने जताया दुख 

उमर अब्दुल्ला ने शनिवार सुबह दो पोस्ट डाले। पहले में जम्मू कश्मीर प्रशासनिक अधिकारी की पाक गोलीबारी में मौत पर दुख जताया और दूसरे में अंतरराष्ट्रीय समुदाय के फैसले पर हैरानी जताई। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के राजौरी में सुबह पाकिस्तान की ओर से हुई भारी गोलीबारी और बमबारी में राज कुमार थापा शहीद हो गए। थापा जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा में एडिशनल डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट कमिश्नर के पद पर तैनात थे।

गोलीबारी में राजौरी के एडिशनल डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट कमिश्नर राज कुमार थापा शहीद

सीएम ने दुख जताते हुए एक्‍स पर लिखा- ”राजौरी से आई दिल दहला देने वाली खबर। हमने जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा के अधिकारी को खो दिया। अभी कल ही वे उपमुख्यमंत्री संग जिले का दौरा कर रहे थे और मेरी अध्यक्षता में हुई ऑनलाइन बैठक में भी शामिल हुए थे। आज उनके आवास पर पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी हुई, इसमें राजौरी के एडिशनल डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट कमिश्नर राज कुमार थापा शहीद हो गए।”

मुख्‍यमंत्री उमर अब्दुल्ला शुक्रवार को जम्मू पहुंचकर प्रभावित इलाकों का दौरा किया और जमीनी हकीकत से रूबरू हुए

उमर अब्दुल्ला शुक्रवार को जम्मू भी पहुंचे। उन्होंने प्रभावित इलाकों का दौरा किया और जमीनी हकीकत से रूबरू हुए। मुख्यमंत्री जम्मू और सांबा जिलों में स्थापित मिश्रीवाला, नागबनी, बिश्नाह और ठंडी खुई में शिविरों और आवास केंद्रों का भी दौरा किया था।

गोलीबारी के कारण जम्मू, सांबा, कठुआ, राजौरी और पुंछ जिलों के स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए

पिछले तीन दिनों से पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर में ड्रोन हमले कर रहा था, जिनमें से ज्यादातर ड्रोन भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने नष्ट कर दिए। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह श्रीनगर में दो जोरदार धमाके हुए, वहीं जम्मू के अखनूर कस्बे में तीन बड़े धमाकों की आवाज सुनाई दी। पुंछ में भी इस तरह के धमाके सुने गए। पुंछ में बाजार बंद हैं और जम्मू, सांबा, कठुआ, राजौरी और पुंछ जिलों के स्कूल-कॉलेज भी बंद कर दिए गए हैं। शुक्रवार शाम को जम्मू शहर में पूरी तरह ब्लैकआउट कर दिया गया। जम्मू-कश्मीर में सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय बंद कर दिए गए हैं। स्थिति की समीक्षा 12 मई को की जाएगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news