नयी दिल्ली. राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य में पार्टी नेताओं का सामूहिक उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव जीतने के लिए एकजुट होकर काम करना है और सरकार का नेतृत्व कौन करेगा, इस पर आलाकमान विधायकों से बातचीत के बाद फैसला करेगा.
उनकी (पायलट की) टिप्पणी से कुछ दिनों पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा था कि वह मुख्यमंत्री पद छोड़ना चाहते हैं, लेकिन यह पद उन्हें छोड़ नहीं रहा है और शायद छोड़ेगा भी नहीं. उन्होंने यह भी कहा था कि कांग्रेस अलाकमान का जो भी फैसला होगा, वह सबको स्वीकार होगा. यहां कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान गहलोत के बयान के बारे में पूछे गए सवाल पर पायलट ने कहा, ”इस पर प्रतिक्रिया देने की क्या जरूरत है?
उन्होंने जो कहा होगा वो दशकों के अनुभव के आधार पर कहा होगा. हमारा सामूहिक उद्देश्य एकजुट होकर चुनाव लड़ना है और (विधानसभा चुनाव) कांग्रेस जीतेगी.” उन्होंने यह भी कहा, ”कांग्रेस में परिपाटी है. पार्टी की जीत के बाद नेतृत्व विधायकों से बात करेगा और जो भी निर्णय लिया जाएगा वह सभी को स्वीकार्य होगा.”