‘शोले’ की तर्ज पर प्रेमी से शादी के लिए मोबाइल टॉवर पर चढ़ी युवती

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 24 Nov 2023 08:53 PM
ऑडियो सुनें

गोरखपुर. महराजगंज जिले के भिटौली थाना क्षेत्र में ‘शोले’ फिल्म की तर्ज पर एक 20 वर्षीया युवती अपने 24 वर्षीय ट्रक चालक प्रेमी पर शादी का दबाव बनाने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ गयी. युवती को टावर पर चढ़ा देख स्थानीय लोग मोबाइल टावर के पास इकट्ठा होने लगे, जिससे पास के राजमार्ग पर यातायात जाम हो गया और पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी.

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अजय सिंह चौहान ने बताया कि “युवती बृहस्पतिवार को महराजगंज जिले के सेमरा राजा टोल प्लाजा क्षेत्र के पास मोबाइल टावर पर चढ़ गई. उसका पिछले कुछ वर्षों से एक स्थानीय युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था और वह अपने प्रेमी से शादी के लिए उससे व उसके परिवार से अपनी बात मनवाना चाहती थी.” मौके पर बढ़ रही भीड़ ने अपने अपने मोबाइल से रिकॉर्डिंग शुरू कर दी जिससे अराजकता उत्पन्न हो गयी और स्थानीय पुलिस को हरकत में आना पड़ा.

सीओ ने बताया “हमने पहले युवती को नीचे आने के लिए मनाने की कोशिश की. हालांकि जब उसने ऐसा करने से इनकार कर दिया तो एक कांस्टेबल टावर पर चढ़ा और उसे नीचे उतारा.” मामले से जुड़े लोगों ने बताया कि उसके प्रेमी ने शादी से इंकार करते हुए उसे एक थप्पड़ मार दिया था जिसके बाद वह टावर पर चढ़ गयी.

अधिकारी ने बताया कि उसके प्रेमी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 323 (स्­वेच्­छा से चोट पहुंचाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. सीओ ने कहा कि मामले की जांच चल रही है. पुलिस के अनुसार परिजनों से पूछताछ में यह पता चला कि उसका कथित प्रेमी नेपाल में ट्रक से सामान पहुंचाने गया था.

इस घटना ने 1975 में रिलीज हुई धर्मेंद्र और हेमा मालिनी अभिनीत मशहूर सुपरहिट फिल्म ‘शोले’ की याद ताजा करा दी जिसमें वीरू की भूमिका निभा रहे धर्मेंद्र को एक ओवरहेड पानी की टंकी पर चढ़कर बसंती (हेमा मालिनी) के प्रति अपने प्­यार का इजहार करते दिखाया गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu