शादी के जश्न में फायरिंग से एक की मौत, दूल्हे समेत छह हिरासत में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 10 Apr 2022 08:39 PM
शादी के जश्न में फायरिंग से एक की मौत, दूल्हे समेत छह हिरासत में
ऑडियो सुनें

सीकर. सीकर जिले के नेछवा थाना इलाके के किरडोली गांव में शनिवार को शादी के जश्न के दौरान फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूल्हे सहित तीन अन्य लोग घायल हो गए. पुलिस ने दूल्हे सहित अन्य पांच-छह लोगों को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया है.

गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को जयपुर के सवाई मान सिंह चिकित्सालय भेजा गया है. नेछवा थानाप्रभारी बिमला बुडानिया ने बताया कि किरड़ोली निवासी संग्राम सिंह की रविवार को शादी थी. शनिवार को प्रीति भोज के बाद रात को उसके घर में नाच- गाने का कार्यक्रम चल रहा था. डीजे के डांस फ्लोर पर नाचते हुए जोश में की गई फायरिंग में जोधपुर निवासी हिस्ट्रीशीटर सुरेश सीगड़ की मौत हो गई. जबकि दूल्हा संग्राम सिंह, महरौली निवासी श्याम सिंह व शाहपुरा निवासी गजेंद्र सिंह घायल हो गया.

पुलिस ने बताया कि फायरिंग में घायल हिस्ट्रीशीटर सुरेश सीगड़ की कुचामन में उपचार के दौरान मौत हो गई. हादसे में घायल एक अन्य श्याम सिंह को गंभीर हालत में जयपुर के एसएमएस अस्पताल भेजा गया है. पुलिस उपनिरीक्षक बिमला ने बताया कि घटना के संबंध में दूल्हे सहित अन्य पांच छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. उन्होंने बताया कि मृतक सुरेश सींगड़ का रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है.

पुलिस के अनुसार मृतक सुरेश सीगड़ जोधपुर का हिस्ट्रीशीटर था. उसके खिलाफ विभिन्न थानों में संगीन धाराओं में 13 मुकदमे दर्ज हैं. घायल दूल्हा संग्राम सिंह भी अपराधी किस्म का है. उस पर जयपुर के थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं. वह करीब 20 साल से जयपुर में रह रहा था. वह शादी के लिए ही गांव आया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu