कोलकाता में एक लाख लोग एक साथ भगवद्गीता का पाठ करेंगे, प्रधानमंत्री के शामिल होने की संभावना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 20 Nov 2023 09:11 PM
कोलकाता में एक लाख लोग एक साथ भगवद्गीता का पाठ करेंगे, प्रधानमंत्री के शामिल होने की संभावना
ऑडियो सुनें

कोलकाता. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिसंबर में कोलकाता में एक कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है जिसमें करीब एक लाख लोग एक साथ भगवद्गीता का पाठ करेंगे.

मजूमदार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ‘एक लाख गीता पाठ’ कार्यक्रम 24 दिसंबर को शहर के मध्य में ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा. उन्होंने बताया, ”हमने प्रधानमंत्री मोदी को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है और उन्होंने हमारा निमंत्रण स्वीकार कर लिया है. उस दिन एक लाख लोग एक साथ भगवद्गीता का पाठ करेंगे.”

भाजपा के प्रदेश प्रमुख ने कहा कि इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए कई धार्मिक समूह एक साथ आए हैं. मजूमदार ने दावा किया, ”यह एक गैर राजनीतिक कार्यक्रम होगा.” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, राज्यपाल सी वी आनंद बोस और राज्य की अन्य हस्तियों को भी निमंत्रण भेजा जाएगा. मजूमदार ने कहा, ”इस कार्यक्रम का भाजपा से कोई लेना-देना नहीं है और हम इसका आयोजन नहीं कर रहे हैं.” हालांकि, सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने दावा किया 2024 के लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए रणनीतिक रूप से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा.

टीएमसी प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा, ”जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, यह बिल्कुल स्वाभाविक है कि भाजपा नेता राज्य का बार बार दौरा करेंगे. हमने 2019 के लोकसभा चुनावों और 2021 के विधानसभा चुनावों से पहले इस प्रवृत्ति को देखा है. लेकिन, इससे कोई फायदा नहीं होगा.” वर्ष 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने राज्य की 42 में से 18 सीटें हासिल कीं, जबकि टीएमसी ने 22 सीटों पर परचम लहराया. कांग्रेस ने दो सीटों पर जीत दर्ज की थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu