राहुल गांधी बोले : भारत की आबादी के हिसाब से बनाई जाए नीति, देश की आधी आबादी ओबीसी

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Sat, 24 Aug 2024 07:11 PM
राहुल गांधी बोले : भारत की आबादी के हिसाब से बनाई जाए नीति, देश की आधी आबादी ओबीसी
ऑडियो सुनें

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का शनिवार को प्रयागराज में हैं। वह करीब पांच बजे प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचे। यहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। इसके अलावा वह भगवतपुर, चकिया, महाराणा प्रताप चौराहा स्थित इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित संविधान सम्मान समारोह को संबोधित करेंगे। रास्ते में जगह-जगह कांग्रेसी कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए खड़े हैं। एयरपोर्ट से लेकर एएमए कन्वेंशन सेंटर तक उनका जगह-जगह स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें बुके भेंट किया। कांग्रेस जिंदाबाद और राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए गए। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक बंदोबस्त किया गया है।

राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान की जो सच्चाई है जो हकीकत है। जिसकी जितनी आबादी है उसके हिसाब से पॉलिसी बनाई जानी चाहिए। यदि लोगों की आबादी के हिसाब से नीतियां नहीं बनाई जाती हैं तो जरूरतमंदों को इसका कोई लाभ नहीं मिलेगा और पॉलिसी बनाने का कोई मतलब नहीं है। राहुल गांधी ने कहा कि देश की 70 फीसदी आबादी के हिसाब से नीतियां नहीं बनाई जा रही हैं। केंद्र सरकार की नीतियां सिर्फ चुनिंदा पूजीपतियों और तीस फीसदी लोगों के लिए है। अधिकांश आबादी को केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। संविधान यह कहता है कि सभी नागरिक एक समान हैं और सभी को बराबर अधिकार मिलना चाहिए।

राहुल गांधी के कार्यक्रम के मद्देनजर स्टेनली रोड महाराणा प्रताप चौराहा स्थित एएमए कन्वेंशन सेंटर को पूरी तरह से सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। अंदर जाने वालों की कई स्तर पर चेकिंग की जा रही है।
प्रतिभागियों के लिए अलग द्वार जबकि मुख्य अतिथि और चुनिंदा नेताओं के लिए अलग द्वार से प्रवेश की व्यवस्था की गई है। पूरा इलाका कांग्रेसी नेताओं से पट गया है। संविधान से संबंधित पंफलेट भी लोगों के बीच बांटे गए हैं।

एएमए हाल पर सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक बंदोबस्त किया गया है। यहां पर अंदर जाने वालों के लिए विशेष पास जारी किया गया है। अंदर जाने को लेकर काफी धक्कामुक्की हुई। इसके चलते मेटल डिटेक्टर भी टूट गया। अफरातफरी का माहौल बना रहा। कन्वेंशन सेंटर में क्षमता से अधिक लोगों के घुस जाने के कारण लोग नीचे जमीन पर बैठे देखे गए। अव्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मियों और आयोजकों से कहासुनी और नोकझोंक होती रही।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news