विपक्षी दलों को एमएनएफ सरकार को निशाना बनाने के लिए कोई मुद्दा नहीं मिला : जोरमथंगा

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 10 Oct 2023 12:58 PM
विपक्षी दलों को एमएनएफ सरकार को निशाना बनाने के लिए कोई मुद्दा नहीं मिला : जोरमथंगा
ऑडियो सुनें

आइजोल: मिजोरम के मुख्यमंत्री और सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) के अध्यक्ष जोरमथंगा ने दावा किया है कि विपक्षी दलों को राज्य सरकार को निशाना बनाने के लिए उपयुक्त मुद्दे नहीं मिल सके हैं।
आइजोल में सोमवार को एमएनएफ कार्यालय ‘मिजो हन्म रन’ में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जोरमथंगा ने कहा कि विपक्षी दल जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) राज्य सरकार को कसूरवार ठहराने के लिए कोई मुद्दा नहीं ढूंढ पाया है और लोगों से एक नयी राजनीतिक व्यवस्था के साथ प्रयोग करने के लिए कह रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ”चूंकि विपक्ष हम पर आरोप लगाने के लिए कोई उचित मुद्दा ढूंढने में विफल रहा है, इसलिए उसके पास लोगों को अपने दल के साथ प्रयोग करने का आग्रह करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।” उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे समय बीत रहा है, लोग अब उसके साथ प्रयोग करना बंद कर रहे हैं।

वर्ष 2018 के विधासभा चुनावों के बाद मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरी जेडपीएम एक नये दल को सत्ता में लाने की वकालत कर रही है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री आर लालथंगलियाना ने भी एमएनएफ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, ”हम चाहते हैं कि लोग हमें इस आधार पर देखें कि हमने क्या हासिल किया है और हम वर्तमान में क्या कर रहे हैं, न कि वे हमारे साथ कोई प्रयोग करें।” भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने सोमवार को घोषणा की कि मिजोरम की 40 विधानसभा सीटों के लिए सात नवंबर को मतदान होगा और मतों की गिनती तीन दिसंबर को की जाएगी।

सत्तारूढ़ एमएनएफ और विपक्षी दल जेडपीएम ने उम्मीदवारों की सूची जारी की है। एमएनएफ सभी 40 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। मुख्यमंत्री जोरमथंगा अपने वर्तमान निर्वाचन क्षेत्र आइजोल पूर्व-एक से किस्मत आजमाएंगे।
एमएनएफ ने गृह मंत्री लालचमलियाना को छोड़कर सभी मौजूदा विधायकों को मैदान में उतारा है। लालचमलियाना ने इस बार चुनाव नहीं लड़ने और युवाओं को मौका देने का फैसला किया है। वहीं, पार्टी 15 नये चेहरों पर भी दांव लगा रही है।

वहीं, जेडपीएम ने 39 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है, लेकिन चकमा बहुल तुइचावंग सीट के लिए अभी तक कोई प्रत्याशी निर्धारित नहीं किया है। उधर, कांग्रेस के कोषाध्यक्ष लालमलसावमा नघाका ने कहा कि पार्टी ने अपने उम्मीदवार चुन लिए हैं और राहुल गांधी की मिजोरम यात्रा के दौरान उनके नाम घोषित किए जाएंगे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav