लाहौर. पाकिस्तान के मानवाधिकार आयोग (एचआरसीपी) ने बुधवार को कहा कि पंजाब सूबे में माफिया द्वारा ईसाई किसानों को उनकी जमीन से बेदखल किया जा रहा है और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है. चर्च के पादरी डेरेक अबाद की शिकायत पर एचआरपीसी ने जमीनी हालात की जांच की थी. उसने कहा कि लाहौर से लगभग 400 किलोमीटर दूर कोट अद्दू में ईसाई समुदाय की कृषि भूमि पर कब्जा किया गया है.
आयोग ने कहा कि उसने अपनी जांच में पाया कि स्थानीय भू-माफियाओं द्वारा ईसाइयों की कृषि भूमि पर कब्जा करने के मामलों में चिंताजनक स्तर तक वृद्धि हुई है और सूबे की सरकार हाशिये पर रह रहे इन किसानों को संरक्षण देने वाले न्यायालय के फैसलों को लागू करने में लगातार विफल रही है. ईसाई किसानों ने एचआरसीपी को बताया कि उनकी रिट याचिका लाहौर उच्च न्यायालय में लंबित है, जिसने किसी भी बेदखली को रोकने के लिए स्थगन आदेश जारी किया है. आयोग ने बताया कि किसान अपने पक्ष में फैसला आने के बावजूद भूमि आवंटन पत्र का इंतजार कर रहे हैं.