शाह को लेकर पार्टी ‘गंभीर’, शीर्ष अदालत के फैसले के अनुसार राज्य सरकार लेगी निर्णय: मप्र भाजपा अध्यक्ष

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 20 May 2025 08:20 PM
शाह को लेकर पार्टी ‘गंभीर’, शीर्ष अदालत के फैसले के अनुसार राज्य सरकार लेगी निर्णय: मप्र भाजपा अध्यक्ष
ऑडियो सुनें

भोपाल. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने मंगलवार को कहा कि सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के बारे में मंत्री विजय शाह की आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पार्टी संगठन ‘गंभीर’ है और इस बारे में उच्चतम न्यायालय जो भी निर्णय देगा, राज्य सरकार उसके अनुसार कदम उठाएगी.

राजधानी स्थित प्रदेश कार्यालय में संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए हुए शर्मा ने कहा, “शाह ने जो टिप्पणी की थी, वह मामला उच्चतम न्यायालय में विचाराधीन है. न्यायालय ने एक व्यवस्था दी है और उसके अनुसार एसआईटी (विशेष जांच दल) गठित कर दी गई है.” उन्होंने कहा कि एसआईटी की रिपोर्ट के आधार पर उच्चतम न्यायालय फैसला लेगा और राज्य सरकार उस फैसले का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध है.

शर्मा ने कहा, “उच्चतम न्यायालय का जो भी फैसला होगा, उस पर राज्य सरकार निर्णय लेगी.” भाजपा संगठन की तरफ से शाह के खिलाफ कार्रवाई नहीं किए जाने से संबंधित एक सवाल पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इसकी अपनी एक पद्धति होती है.
उन्होंने कहा, “संगठन इस मामले में बहुत गंभीर है.” शाह के पास जनजातीय कार्य विभाग, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग और भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग हैं.

इंदौर जिले के रायकुण्डा गांव में शाह ने 12 मई को हलमा (सामूहिक श्रमदान और सामुदायिक सहभागिता की जनजातीय परम्परा) के सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कर्नल कुरैशी के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. कर्नल सोफिया ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर भारत के पक्ष को मीडिया के माध्यम से देश-दुनिया के सामने रखने वाली टीम का हिस्सा थीं. इस बयान पर मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के खुद संज्ञान लेने के बाद शाह के खिलाफ मानपुर थाने में गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. उच्चतम न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के तीन अफसरों का विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया है. कांग्रेस, शाह को राज्य मंत्रिपरिषद से बर्खास्त किए जाने की लगातार मांग कर रही है. आरोपों से घिरे शाह मंगलवार को इंदौर में आयोजित राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में नजर नहीं आए. इस बारे में पूछे जाने पर शर्मा ने कहा कि इसके पीछे ‘कुछ व्यक्तिगत कारण’ हो सकता है.

उन्होंने कहा, “ऐसा नहीं होता है कि मंत्रिमंडल की बैठक में कोई अनुपस्थित ना हो. समय-समय पर किन्हीं कारणों से पहले भी कई मंत्री बैठकों में नहीं आए हैं. विजय शाह का कोई कारण हो सकता है.” शर्मा ने कहा कि 31 मई को लोकमाता देवी अहिल्या बाई होलकर की 300वीं जयंती के अवसर पर राजधानी भोपाल में आयोजित होने वाले महिला सम्मेलन को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संबोधित करेंगे और इसमें लाखों की संख्या में ऐसी बहनें शामिल होंगी जो आत्मनिर्भर बनकर नारी शक्ति की मिसाल बनी हैं. उन्होंने कहा कि इस दौरान ऐसी महिलाओं का प्रधानमंत्री के हाथों विशेष सम्मान किया जाएगा, जिनके पतियों ने सेना का गौरव बढ़ाया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu