महिला आरक्षण विधेयक का पारित होना लोकतंत्र और भाजपा की विचारधारा की जीत : प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 25 Sep 2023 10:12 PM
महिला आरक्षण विधेयक का पारित होना लोकतंत्र और भाजपा की विचारधारा की जीत : प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि राजनीति में महिलाओं की उचित भागीदारी के बिना समावेशी समाज और लोकतांत्रिक एकीकरण की बात नहीं की जा सकती. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विचारक दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उनकी प्रतिमा का अनावरण करने के बाद पार्टी के एक कार्यक्रम में मोदी ने कहा कि संसद में महिला आरक्षण विधेयक का पारित होना न केवल लोकतंत्र की जीत है, बल्कि पार्टी की विचारधारा की भी जीत है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने अपने नौ वर्षों के कार्यकाल में उपाध्याय के ”एकात्म मानववाद” और ”अंत्योदय” (सबसे वंचितों का उत्थान) के दर्शन पर काम किया है और यह सुनिश्चित किया है कि उसकी कल्याणकारी योजनाएं बिना किसी भेदभाव, तुष्टीकरण के हर जरूरतमंद तक पहुंचे. उन्होंने कहा कि हमारा ”सेवा अभियान” सामाजिक न्याय का एक बड़ा साधन है और यही सच्ची धर्मनिरपेक्षता है.

मोदी ने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि लंबे समय तक सार्वजनिक संसाधनों का इस्तेमाल निजी हितों के लिए किया जाता रहा है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि निजी संसाधनों का इस्तेमाल देश के विकास के द्वार खोलने के लिए किया जाना चाहिए. उन्होंने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया. इससे पहले सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने उपाध्याय को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह जीवन भर देश की सेवा के लिए सर्मिपत थे और उनका व्यक्तित्व तथा कार्य हमेशा लोगों को प्रेरित करेगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu